Sep 06, 2026 02:27 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली

दिल्ली में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, ADR की रिपोर्ट में 207 करोड़ रुपये चुनावी चंदा जुटाने वाली राष्ट्रीय विकास पार्टी का रजिस्टर्ड ऑफिस, असल में एक डांस एकेडमी निकली।

राजनीतिक चंदा- AI निर्मित सांकेतिक तस्वीर
राजधानी दिल्ली में 'राष्ट्रीय विकास पार्टी' के रजिस्टर्ड ऑफिस के रजिस्टर्ड एड्रेस की जगह पर एक डांस एकेडमी चलाए जाने का पता चला है। इससे पार्टी को मिले मोटे चंदे के सोर्स और इस्तेमाल पर भी सवाल उठ रहे हैं। एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय विकास पार्टी को 2019 और 2024 के बीच करीब 207 करोड़ रुपये का चंदा मिला था।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी असलियत जानने के लिए मौके पर जाकर की गई जांच में पता चला है कि ADR की रिपोर्ट में साउथ दिल्ली की विश्वकर्मा कॉलोनी में जिस इमारत को राष्ट्रीय विकास पार्टी का रजिस्टर्ड ऑफिस बताया गया था, वो असल में एक डांस एकेडमी निकली।
पार्टी ऑफिस का नहीं मिला कोई निशान
एडीआर की रिपोर्ट में पार्टी का रजिस्टर्ड एड्रेस विश्वकर्मा कॉलोनी में E-86/A बताया गया था। हालांकि, जब उस एड्रेस पर इमारत के अंदर जाकर इसकी जांच की गई तो वहां ‘द फायर स्टूडियो’ नाम से एक डांस एकेडमी का बोर्ड लगा मिला। लेकिन किसी राजनीतिक पार्टी के ऑफिस का कोई नामों निशान तक नहीं दिखा।
पार्टी ऑफिस की बात पर क्या बोला मकान मालिक
बिल्डिंग मालिक शैलाव अग्रवाल शुरुआत में तो सवालों के जवाब देने में हिचकिचा रहे थे, लेकिन बाद में उन्होंने बताया कि वो पिछले करीब 15 साल से यहां रह रहे हैं। अग्रवाल ने कहा कि पिछले कुछ सालों में यहां कई किराएदार रहने के लिए आए हैं, लेकिन राष्ट्रीय विकास पार्टी का कोई भी ऑफिस कभी भी इस पते से नहीं चलाया गया। बिल्डिंग मालिक की इस बात से ADR रिपोर्ट में बताए गए पते को लेकर और सवाल खड़े हो गए।
पड़ोसियों तक को नहीं कोई खबर
इसके बाद इंडिया टुडे की टीम ने जब बिल्डिंग के पड़ोस में रहने वाले लोगों से बात करके यह पता लगाने की कोशिश की कि क्या वहां कभी कोई राजनीतिक पार्टी का ऑफिस चला था। इस पर स्थानीय लोगों ने भी उस पते पर राष्ट्रीय विकास पार्टी के किसी ऑफिस चलाए जाने के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार किया।
क्या है गड़बड़?
ADR रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2019 से 2024 के बीच राष्ट्रीय विकास पार्टी को करीब 207 करोड़ रुपये का चुनावी चंदा मिला था। चंदे की भारी मात्रा ने पार्टी के दानदाताओं, उसके वित्तीय कामकाज और फंड के इस्तेमाल के तरीके पर चिंताजन प्रश्न खड़े कर दिए हैं।फिलहाल एड्रेस में अंतर की बात से किसी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी का तो पता नहीं चला, लेकिन राष्ट्रीय विकास पार्टी के आधिकारिक स्पष्टीकरण और उसके रजिस्ट्रेशन व वित्तीय रिकॉर्ड की पुष्टि से ही यह तय होने की संभावना है कि आगे क्या होता है।