world-news

एशियन गेम्स-2026 में भारत को पहला गोल्ड: भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 147 रन से हराया | india-womens-cricket-team-wins-gold-asian-games-2026-sri-lanka-final

September 22, 2026

आइची-नागोया: Asian Games 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में एक बार फिर अपना दबदबा कायम करते हुए लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीत लिया। एशियन गेम्स-2026 में भारत को पहला गोल्ड जीता है। मंगलवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स में अपना खिताब बरकरार रखा। हांगझोउ एशियन गेम्स 2022 में भी भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर गोल्ड जीता था। इस बार भी फाइनल में दोनों टीमें आमने-सामने थीं, लेकिन भारतीय टीम ने मुकाबले को एकतरफा अंदाज में अपने नाम किया।

मंधाना-शेफाली ने दी शानदार शुरुआत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी। स्मृति मंधाना ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों पर 79 रन बनाए। उनकी पारी में सात छक्के और पांच चौके शामिल रहे। वहीं शेफाली वर्मा ने 29 गेंदों पर 48 रन की पारी खेली। उन्होंने तीन छक्के और तीन चौके लगाए। दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद ऋचा घोष ने पारी को तेज रफ्तार दी। ऋचा ने महज 22 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत टीम 216 रन तक पहुंची, जो एशियन गेम्स में भारतीय महिला टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा।

श्रीलंका की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ाई

217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण श्रीलंका की पूरी टीम 15.4 ओवर में केवल 69 रन बना सकी। कप्तान चमारी अटापट्टू ने टीम की ओर से सबसे ज्यादा 29 रन बनाए। उन्होंने 21 गेंदों की पारी में पांच चौके लगाए। उनके अलावा श्रीलंका का कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। भारत की ओर से स्पिन गेंदबाजों ने खास तौर पर प्रभाव छोड़ा। दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट लेकर श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी को दो-दो विकेट मिले।

पूरे टूर्नामेंट में भारत का शानदार प्रदर्शन

भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शुरुआत से ही मजबूत प्रदर्शन किया। क्वार्टर फाइनल में भारत ने जापान को आठ विकेट से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ 114 रन की बड़ी जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। श्रीलंका ने भी फाइनल तक पहुंचने के दौरान अच्छा प्रदर्शन किया था। क्वार्टर फाइनल में उसने मलेशिया को 86 रन से हराया, जबकि सेमीफाइनल में पाकिस्तान को आठ विकेट से मात दी।

2022 के बाद फिर श्रीलंका को हराया

भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स के फाइनल का यह लगातार दूसरा मुकाबला रहा। हांगझोउ एशियन गेम्स 2022 में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 19 रन से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। चार साल बाद दोनों टीमें फिर खिताबी मुकाबले में आमने-सामने आईं और भारत ने इस बार 147 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट का कांस्य पदक पाकिस्तान के नाम रहा। ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 31 रन से हराया। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के इस गोल्ड ने आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत के स्वर्ण पदक के इंतजार को भी खत्म किया। इससे पहले भारत ने प्रतियोगिता में चार रजत और दो कांस्य पदक हासिल किए थे।

भारत की टीम

स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जी. कमालिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, एन. श्री चरणी, नंदनी शर्मा।

श्रीलंका की टीम

इमेशा दुलानी, चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), हसीनी परेरा, कविशा दिलहारी, हर्षिता समरविक्रमा, हंसिमा करुणारत्ने, कौशिनी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), काव्या काविंदी, मिथाली अयोध्या, चामुडी प्रभोदा, सुगंधिका कुमारी।