ट्रक की चपेट में आने से सब्जी-विक्रेता की मौत:बांदा में सरकारी काम में बाधा, पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और ट्रक में तोड़फोड़ करने वाले 20 पर FIR
शिवम तिवारी | बांदा38 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बांदा में 9 सितंबर की रात ट्रक की चपेट में आने से सब्जी विक्रेता लाला राम उर्फ गनेश की मौत के बाद हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने पांच नामजद समेत 15-20 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। पुलिस का आरोप है कि भीड़ ने सरकारी काम में बाधा डाली, पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की और हादसे वाले ट्रक में तोड़फोड़ की। मामला गिरवां थाना क्षेत्र का है।
शव निकालने के दौरान जुटी भीड़
पुलिस की शिकायत के मुताबिक, 9 सितंबर की रात करीब 9:10 बजे गिरवां थाना रोड पर रमेश चौरसिया के मकान के पास हादसे की सूचना मिली थी। सूचना पर सब इंस्पेक्टर शिवरतन गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां BR 24 GD 6541 नंबर के ट्रक के पहिए के नीचे एक व्यक्ति दबा मिला।
पुलिसकर्मी शव को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान मौके पर भीड़ जुट गई। शिकायत में आरोप है कि भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिस के काम में बाधा डालते हुए गाली-गलौज और नारेबाजी शुरू कर दी।
ट्रक में तोड़फोड़ और आग लगाने की कोशिश का आरोप
पुलिस के अनुसार, लोगों ने सड़क जाम कर ट्रक के टायरों की हवा निकाल दी। ट्रक का शीशा और साइड मिरर तोड़ने का भी आरोप है। पुलिस ने डीजल टंकी का ढक्कन खोलकर उसमें आग लगाने की कोशिश किए जाने की बात भी कही है।
मामले में संदीप श्रीवास, बबलू श्रीवास, बादल श्रीवास, शैलेंद्र श्रीवास और मोहित सेन को नामजद किया गया है। इनके अलावा 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल की वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग की गई है। इन्हीं के आधार पर नामजद और अज्ञात लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। हंगामे के बीच मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को समझाया। इसके बाद शव को ट्रक के नीचे से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था।
मुआवजे और भारी वाहनों पर रोक की थी मांग
हादसे में पिथौराबाद निवासी लाला राम उर्फ गनेश की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम किया था। लोगों की मांग थी कि गिरवां कस्बे में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए। पुलिस अब दर्ज मुकदमे में नामजद और अज्ञात आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
.