world-news

आयुष डॉक्टरों ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर सौंपा-ज्ञापन: जौनपुर में 20 सितंबर तक का दिया अल्टीमेटम; 21 को लखनऊ में प्रदर्शन की चेतावनी - Jaunpur News

September 18, 2026

  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Jaunpur
  • Jaunpur Ayush Doctors Protest | Demand Salary Hike Warning CM Residence

अंकित श्रीवास्तव | जौनपुर38 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

जौनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार सुबह 11 बजे आयुष डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के दर्जनों डॉक्टरों ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर जिला प्रशासन को पत्र सौंपा। प्रदर्शन की अगुवाई एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. सुनील राय ने की। डॉक्टरों ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत कार्यरत आयुष डॉक्टरों के मानदेय में अंतर खत्म करने की मांग उठाई।

एसोसिएशन के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में करीब 4 हजार आयुष डॉक्टर मेनस्ट्रीम और आरबीएसके के तहत वर्ष 2009-10 से सेवाएं दे रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि वे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के विभिन्न लक्ष्यों को पूरा करने में लगातार योगदान दे रहे हैं। इसके बावजूद उनके मानदेय में काफी अंतर बना हुआ है।

जिलाध्यक्ष डॉ. सुनील राय ने कहा कि अगर 20 सितंबर तक मानदेय के अंतर को खत्म करने के संबंध में निर्णय नहीं लिया गया, तो 21 सितंबर को सुबह 8 बजे प्रदेशभर के आयुष डॉक्टर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, जो स्वास्थ्य मंत्री भी हैं, के आवास पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे।

2009-10 में आयुष और एमबीबीएस डॉक्टरों का मानदेय था बराबर

डॉ. राय ने बताया कि वर्ष 2009-10 और 2010-11 में आयुष और एमबीबीएस डॉक्टरों का मानदेय 24 हजार रुपए प्रतिमाह था। एसोसिएशन का कहना है कि समय के साथ एमबीबीएस डॉक्टरों का बेसिक मानदेय बढ़कर 1 लाख रुपए प्रतिमाह हो गया, जबकि आयुष डॉक्टरों का बेसिक मानदेय 32 हजार रुपए प्रतिमाह ही है।

करीब 4 हजार डॉक्टरों के हित में अंतर खत्म करने की मांग

एसोसिएशन का कहना है कि समान परिस्थितियों में नियुक्त डॉक्टरों के बीच मानदेय में इतना अंतर गंभीर विषय है। आयुष डॉक्टर भी NHM के लक्ष्यों को पूरा करने में लगातार भूमिका निभा रहे हैं। खासकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में उनकी भागीदारी है।

20 सितंबर तक फैसला नहीं हुआ तो लखनऊ में प्रदर्शन

डॉक्टरों ने जिला प्रशासन के माध्यम से मांग पत्र सौंपते हुए 20 सितंबर तक मानदेय के अंतर को खत्म करने के लिए जरूरी निर्णय लेने की मांग की। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर 21 सितंबर की सुबह 8 बजे प्रदेश के आयुष डॉक्टर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के आवास पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे।

.