संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष पर भाजपा 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में 'समरसता संकल्प अभियान' चलाएगी।
प्रेसवार्ता में अभियान की जानकारी देते भाजपा नेता
- Published: 29 Jul 2026, 10:25 AM IST
- Last Updated: 29 Jul 2026, 10:25 AM IST
कुश अग्रवाल - बलौदाबाजार। भारतीय जनता पार्टी ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आज 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में 'समरसता संकल्प अभियान' चलाने की घोषणा की है। बलौदाबाजार स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा नेता लोकेश कावड़िया ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
समरसता और सामाजिक न्याय का संदेश
लोकेश कावड़िया ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज केवल किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान संत, समाज सुधारक और आध्यात्मिक चिंतक थे। उन्होंने जीवनभर जातिवाद, छुआछूत और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया तथा समानता, आत्मसम्मान और मानवता का संदेश दिया। उनका 'बेगमपुरा' का दर्शन आज भी भेदभाव और शोषण से मुक्त समाज की प्रेरणा देता है।
#बलौदाबाजार स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा नेता लोकेश कावड़िया ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।@BalodaBazarDist #GuruPurnima pic.twitter.com/tmtz7rF7mi
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) July 29, 2026
51 हजार स्थानों पर होगा समरसता दीप महोत्सव
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के 51 हजार स्थानों पर 'समरसता दीप महोत्सव' के साथ होगी। वाराणसी स्थित संत रविदास घाट पर 11 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इस दौरान भजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, धार्मिक प्रवचन और प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया जाएगा।
कलश वंदन और संत संपर्क अभियान
कावड़िया ने बताया कि 29 जुलाई से 10 सितंबर तक 'कलश वंदन अभियान' चलाया जाएगा। इसके तहत संत रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी देशभर के मंदिरों तक पहुंचाई जाएगी। वहीं 29 जुलाई से 31 अगस्त तक 'संत संपर्क अभियान' के माध्यम से विभिन्न संत-महात्माओं का सम्मान किया जाएगा।
अक्टूबर में निकलेगी समरसता यात्रा
उन्होंने कहा कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक 'समरसता यात्रा' निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान संत सम्मेलन, समरसता गोष्ठियां, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा नेता ने बताया कि 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक देशभर के छात्रावासों में 'समरसता संवाद' कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं को गुरु रविदास महाराज के जीवन, सामाजिक न्याय और समानता के विचारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेश से मंडल स्तर तक बनेगी समिति
अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया जा रहा है। साथ ही मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा। प्रेसवार्ता के अंत में लोकेश कावड़िया ने संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, मंदिर समितियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों से इस राष्ट्रव्यापी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)