दिलीप ट्रॉफी 2026 में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने एक ओवर में 2 विकेट लिए। उनकी गेंदबाज़ी ने ईस्ट ज़ोन को नॉर्थ-ईस्ट ज़ोन पर 210 रनों से जीत दिलाकर सेमीफाइनल में पहुँचाया।
नई दिल्लीः 2026 दिलीप ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मैच में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। अब तक अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी के लिए मशहूर बिहार के वैभव ने दिखा दिया कि वह गेंद से भी कमाल कर सकते हैं। वैभव की इस शानदार गेंदबाज़ी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
दिलीप ट्रॉफी में ईस्ट ज़ोन के लिए खेल रहे वैभव सूर्यवंशी ने नॉर्थ-ईस्ट ज़ोन के खिलाफ दूसरी पारी में ज़बरदस्त गेंदबाज़ी की। वैभव ने अपनी दूसरी ही ओवर में नॉर्थ-ईस्ट ज़ोन के बल्लेबाज़ किशन लिंगदोह और इमलीवती लेमचुर को आउट कर दिया।
जैसे ही वैभव सूर्यवंशी ने ये दो विकेट लिए, दिलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में ईस्ट ज़ोन की जीत लगभग तय हो गई। फॉलो-ऑन खेलने उतरी नॉर्थ-ईस्ट ज़ोन की टीम दूसरी पारी में भी सिर्फ 146 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस तरह ईस्ट ज़ोन ने 210 रनों से बड़ी जीत हासिल कर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली।
देखिए वैभव सूर्यवंशी की शानदार गेंदबाज़ी का वो ओवर
Scroll to load tweet…
बैटिंग में फेल, बॉलिंग में हुए शाइन
हाल ही में ज़िम्बाब्वे दौरे से लौटे वैभव सूर्यवंशी सीधे दिलीप ट्रॉफी खेलने उतरे हैं। उन्हें ईस्ट ज़ोन का उप-कप्तान भी बनाया गया है, इसलिए उनसे काफी उम्मीदें थीं। लेकिन बैटिंग में वैभव सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए और उन्होंने सबको निराश किया। हालांकि, इन 8 रनों में उन्होंने दो शानदार चौके भी लगाए थे। बल्ले से नाकाम रहने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने दूसरी पारी में गेंद से इसकी भरपाई की और दो अहम विकेट लेकर अपनी टीम की जीत में योगदान दिया।
नॉर्थ-ईस्ट ज़ोन को ईस्ट ज़ोन ने रौंदा
मैच में ईस्ट ज़ोन के लिए शाहबाज़ अहमद ने शानदार 167 रन बनाए, जिसकी मदद से टीम ने 467 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सुदीप कुमार घरामी ने भी 146 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर उनका साथ दिया। इस बड़े स्कोर के जवाब में नॉर्थ-ईस्ट ज़ोन की टीम अभिजीत के सरकार की घातक गेंदबाज़ी (5/20) के आगे सिर्फ 111 रनों पर ढेर हो गई और उसे फॉलो-ऑन खेलना पड़ा। दूसरी पारी में भी नॉर्थ-ईस्ट ज़ोन की टीम अनुकूल रॉय (5/37) की फिरकी में फंस गई और 146 रनों पर सिमट गई।