देश
- Edited by: मोनू झा
- Updated Jul 24, 2026, 04:39 PM IST
PM Modi Cabinet Decisions: केंद्रीय कैबिनेट ने दो प्रमुख फैसलों को मंजूरी दी है। पहला, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक को जोड़ने वाले बेलारी-गुंटकल रेल खंड पर 1,264 करोड़ रुपये की लागत से तीसरी और चौथी लाइन बनेगी। दूसरा, देश के केमिकल सेक्टर को मजबूती देने के लिए 3,030 करोड़ रुपये की 'भव्य रसायन' योजना को हरी झंडी मिली है।
![]()
अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट फैसलों की दी जानकारी
Photo :
ANI
PM Modi Cabinet Decisions: केंद्र सरकार ने देश के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के लिए दो बड़े फैसलों पर अपनी मुहर लगा दी है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) ने कैबिनेट बैठकों में लिए गए इन फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने रेल नेटवर्क के विस्तार और केमिकल सेक्टर (Chemical Sector Scheme) के विकास के लिए महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी है।
पहला फैसला आंध्र प्रदेश और कर्नाटक (Andhra Karnataka Railway Project) को आपस में जोड़ने वाले एक प्रमुख इकोनॉमिक कॉरिडोर से जुड़ा है। बेलारी-गुंटकल रेल सेक्शन (Bellary Guntakal Rail Line) पर लगभग 1,264 करोड़ रुपये की लागत से तीसरी और चौथी रेलवे लाइन बिछाई जाएगी। इस परियोजना से क्षेत्र की माल ढुलाई क्षमता में 16 मिलियन टन का इजाफा होगा।
'भव्य रसायन' नाम की एक नई योजना को मंजूरी
साथ ही, इस निर्माण कार्य से करीब 31 लाख मानव-दिवस का रोजगार पैदा होगा और कार्बन उत्सर्जन में बड़ी कमी आएगी। इसके साथ ही सरकार हॉस्पेट से हुबली तक की लाइन का डीपीआर भी तैयार कर रही है। दूसरा बड़ा फैसला देश के केमिकल सेक्टर को सेमीकंडक्टर उद्योग की तर्ज पर मजबूत बनाना है। इसके लिए 'भव्य रसायन' नाम की एक नई योजना को मंजूरी मिली है, जिस पर अगले 5 वर्षों में 3,030 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
देश में बनेंगे 3 आधुनिक प्लग-एंड-प्ले केमिकल पार्क
इस योजना के तहत देश में 3 आधुनिक प्लग-एंड-प्ले केमिकल पार्क बनाए जाएंगे। प्रत्येक पार्क के विकास, सुरक्षा, कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर और अपशिष्ट प्रबंधन (एफ्लुएंट ट्रीटमेंट) के लिए 1,000 करोड़ रुपये तक की सरकारी सहायता दी जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान रेल मंत्री ने यह भी बताया कि भारतीय रेलवे का 99.6% नेटवर्क अब पूरी तरह से इलेक्ट्रिफाइड हो चुका है, जो भारत को दुनिया का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिफाइड रेलवे नेटवर्क बनाता है।
![]()
मोनू झाauthor
मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- India
End of Article