Delhi News: दिल्ली में ई-रिक्शा से जुड़ी लूट और हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई. कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र में मरघट वाले बाबा फ्लाईओवर के पास बदमाशों ने ई-रिक्शा सवार एक महिला से लूटपाट की. इसी दौरान एक शख्स पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई. वारदात के दौरान ई-रिक्शा चालक पर भी चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है, जिसमें उसकी उंगलियां कट गईं.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात के दौरान बदमाशों ने ई-रिक्शा को रोककर उसमें सवार लोगों को निशाना बनाया. लूटपाट के दौरान विरोध करने पर एक व्यक्ति पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई. हालांकि, मृतक की पहचान और घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी.
महिला से लूट की वारदात
जानकारी के मुताबिक कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र के यमुना बाजार अंडर पास में चलती ई रिक्शा को रोक कर वारदात को अंजाम दिया गया. बताया जा रहा है कि प्रभात व उनके परिवार के दो अन्य लोगों के साथ गांधीनगर मार्केट से खारी बावली की तरफ जा रहे थे. बदमाश ने चाकू से हमला किया. अंडरपास में रिक्शा रोककर लूटपाट की कोशिश के विरोध में बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. वारदात के समय रिक्शे में ड्राइवर समेत चार लोग सवार थे.
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने ई-रिक्शा में सवार महिला के साथ लूटपाट की. इसके बाद उन्होंने ई-रिक्शा चालक पर भी चाकू से हमला कर दिया. हमले में चालक की उंगलियां कट गईं. घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है. वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू किए.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने बदमाश शामिल थे और वे किस रास्ते से मौके पर पहुंचे और वारदात के बाद कहां फरार हुए. इसके लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है. हत्या और लूट की इस वारदात के बाद कश्मीरी गेट इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
फिलहाल पुलिस की जांच में वारदात के पीछे की पूरी वजह, लूट में क्या-क्या सामान गया और मृतक की पहचान समेत अन्य बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जाएगा.

अंशुमन यादव
अंशुमन यादव के पास पत्रकारिता की दुनिया में दो दशक का अनुभव है. ज़मीनी रिपोर्टिंग से लेकर ब्रेकिंग न्यूज़ तक कवर करने में सक्षम. बरेली रुहेलखंड यूनिवर्सिटी से वर्ष 2005 में मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2009 में सहारा समय न्यूज़ चैनल से पत्रकारिता की शुरुआत की. लगभग छह वर्षों तक सहारा समय में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद, वर्ष 2016 में इंडिया वॉयस न्यूज़ चैनल और फिर 2017 में देशबंधु ख़बर में अपनी सेवाएं दीं. साल 2019 से देश के प्रतिष्ठित न्यूज़ चैनल TV9 भारतवर्ष में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर कार्यरत.
Read More