world-news

मुजफ्फरपुर में गार्ड की हत्या कर खाद लूटी, 2 गिरफ्तार: पूर्वी चंपारण से 338 बोरी खाद बरामद; वारदात में इस्तेमाल ट्रक भी जब्त - Muzaffarpur News

September 19, 2026

मुजफ्फरपुर7 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

मुजफ्फरपुर के बेला थाना क्षेत्र में हुई डकैती और सुरक्षा गार्ड की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर लूटी गई 338 बोरी खाद, घटना में इस्तेमाल ट्रक और एक डीवीआर बरामद किया गया है।

घटना 10 सितंबर 2026 को बेला थाना क्षेत्र के बेला फेज-01 में हुई थी। यहां एक निजी कंपनी के खाद और सीमेंट गोदाम में तैनात सुरक्षा गार्ड की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और अपर पुलिस अधीक्षक (नगर-01) ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक की पत्नी के आवेदन पर बेला थाना में कांड संख्या-63/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। इसका नेतृत्व पुलिस अधीक्षक (नगर) और अपर पुलिस अधीक्षक (नगर-01) ने किया। टीम में जिला आसूचना इकाई (DIU) के प्रभारी और बेला थानाध्यक्ष की टीम भी शामिल थी।

विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की गई।

पुलिस की जांच के अनुसार, डकैती के दौरान सुरक्षा गार्ड ने अपराधियों का विरोध किया था। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद गोदाम से बड़ी मात्रा में खाद लूट ली गई।

ट्रक चालक पहले पकड़ा गया, उसकी निशानदेही पर दूसरा आरोपी गिरफ्तार

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने डकैती और हत्याकांड में शामिल ट्रक चालक अर्जुन कुमार को गिरफ्तार किया। वह फकुली थाना क्षेत्र, मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल ट्रक को फकुली थाना क्षेत्र से बरामद किया गया। ट्रक में खाद के अवशेष भी मिले।

अर्जुन कुमार से पूछताछ के बाद पुलिस ने मुख्य षड्यंत्रकर्ता के करीबी सहयोगी दीपक कुमार को अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया। दीपक कुढ़नी थाना क्षेत्र, मुजफ्फरपुर का रहने वाला है।

दोनों की निशानदेही पर पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के लहलादपुर स्थित एक ईंट-भट्ठे के कार्यालय से 338 बोरी लूटी गई खाद बरामद की गई। पुलिस ने यह कार्रवाई दंडाधिकारी की मौजूदगी में की।

पुलिस के अनुसार दोनों ने डकैती और हत्या की बात स्वीकारी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में डकैती और विरोध करने पर सुरक्षा गार्ड की हत्या की बात स्वीकार की है।

गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दीपक कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर के सदर थाना में कांड संख्या-891/23 (डकैती) और कांड संख्या-954/23 (डकैती की योजना एवं शस्त्र अधिनियम) दर्ज है।

पुलिस अब घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

.