Chandauli News: चंदौली के धीना थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई. डेढ़गांवा गांव के पास धीना-जमानियां मार्ग पर दो अलग-अलग स्थानों पर बोरे में बंद शव मिले. दोनों युवकों की उम्र करीब 30 से 32 वर्ष बताई जा रही. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. पुलिस को आशंका है कि दोनों युवकों की कहीं दूसरी जगह हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के लिए उनके शवों को बोरों में भरकर यहां फेंका गया.
2 अलग-अलग जगहों पर मिले बोरे में बंद शव
मामला धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा गांव का है. जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे दो अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध बोरे पड़े दिखाई दिए. बोरों की स्थिति देखकर ग्रामीणों को शक हुआ. जब उन्होंने पास जाकर देखा तो बोरों के अंदर युवकों के शव मिले. बताया जा रहा कि एक शव डेढ़गांवा मोड़ के पास मिला, जबकि दूसरा शव उससे करीब 200 मीटर की दूरी पर पड़ा था. दोनों शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया. मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए. इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी.
ये भी पढ़ें- अब जेल में कटेगी श्रद्धा दुबे की रात, कोर्ट ने तीनों आरोपियों को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
दो युवकों के शव मिलने की सूचना पर डायल 112 की टीम और धीना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों शवों को बोरों से बाहर निकलवाया और अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद घटनास्थल के आसपास जांच की गई और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की गई. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है.
हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि दोनों युवकों की हत्या किसी दूसरी जगह पर की गई होगी. इसके बाद उनके शवों को बोरों में भरकर सुनसान जगह पर फेंक दिया गया. शवों को अलग-अलग स्थानों पर फेंके जाने और बोरों में बंद होने के कारण पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है. हालांकि, अभी तक हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों के बारे में कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवकों की मौत के कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल हत्या की आशंका के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
SP आकाश पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि दोनों शवों को किसी दूसरी जगह से लाकर यहां फेंका गया है. पुलिस मृतकों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है. इसके लिए आसपास के थानों और दूसरे जिलों में भी जानकारी भेजी गई है. साथ ही, हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है, ताकि दोनों युवकों के बारे में कोई सुराग मिल सके. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
(रिपोर्ट- विवेक पाण्डेय/चंदौली)

आशीष कुमार मिश्रा
आशीष कुमार मिश्रा की 6 साल से जर्नलिज्म की Journey जारी है. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को बनाने में अहम योगदान भारत के राज्यों का है. इन राज्यों से जुड़ी हर खटपट, चाहे राजनीतिक हो या सामाजिक, वो आप तक पहुंचाने में जुटा हुआ हूं. उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम बड़े राज्यों की सियासत को समझता हूं और बेबाकी से उसे लिखता हूं. जर्नलिज्म की Journey 2017 में न्यूज चैनल समाचार टुडे से स्टार्ट हुई, फिर नेशनल वॉइस के साथ भी काम करने का मौका मिला. दो न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल की तरफ में रुख किया. 2018 में पहली बार हैदराबाद में ईटीवी भारत की डिजिटल विंग टीम से जुड़ा. यहां साढ़े 3 साल का समय बिताने के बाद 2021 में दैनिक भास्कर (लखनऊ) की टीम से जुड़ा. अब यह सफर 2022 से टीवी9 भारतवर्ष के साथ चल रहा है. पत्रकारिता का मैंने ककहरा दैनिक जागरण इंस्टीट्यूट से सीखा. यहीं से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.
Read More