अजमेर में जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल से जुड़े टीबी अस्पताल परिसर में करीब 194 करोड़ की लागत से 8 मंजिला सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक बनाया जाएगा।
.
प्रोजेक्ट की वित्तीय स्वीकृति जारी हो चुकी है। मेडिकल कॉलेज और निर्माण एजेंसी के बीच एमओयू भी हो चुका है। अब जल्द भूमि पूजन के बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा। निर्माण एजेंसी को 18 से 24 महीने में यानी अधिकतम दो साल में काम पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर निर्माण से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली।
इस अस्पताल के बनने से अजमेर संभाग के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए जयपुर, दिल्ली और अहमदाबाद जाने से राहत मिलेगी।

पहले 120 करोड़ रुपए की योजना स्पेस की कमी से अटकी थी
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया- अजमेर में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं के लिए करीब 10 साल से प्रयास किए जा रहे थे। पहले 120 करोड़ की योजना तैयार हुई थी, लेकिन जगह पर्याप्त नहीं मिलने के कारण आगे नहीं बढ़ सकी। लगातार प्रयासों के बाद अब नए सिरे से 194 करोड़ का प्रोजेक्ट स्वीकृत हुआ है।
उन्होंने कहा- अजमेर संभाग के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर रेफर करने की जरूरत कम होगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों का समय और इलाज पर होने वाला अतिरिक्त खर्च दोनों बचेंगे।
निर्माण क्षेत्र खाली करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान देवनानी ने अधिकारियों को निर्माण क्षेत्र में आने वाले पुराने ढांचों को हटाने और संबंधित विभागों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा- निर्माण शुरू होने के बाद किसी तरह की प्रशासनिक या जगह संबंधी बाधा नहीं आनी चाहिए।
इस दौरान JLN मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अनिल समरिया, अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे, डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. अमित यादव सहित निर्माण एजेंसी के अधिकारी मौजूद रहे।

वासुदेव देवनानी अफसरों के साथ चर्चा करते हुए।
एक ही ब्लॉक में मिलेंगी ये सुविधाएं
सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में ओपीडी और आईपीडी की अत्याधुनिक सुविधाएं डवलप की जाएंगी। प्रस्तावित सेवाओं में न्यूरोलॉजी एवं न्यूरो सर्जरी, नेफ्रोलॉजी एवं मॉडर्न डायलिसिस यूनिट, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी एवं गैस्ट्रो सर्जरी, यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी यानी कैंसर सर्जरी, एंडोक्राइनोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी शामिल हैं। पहले चरण में तीन प्रमुख सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं से शुरुआत करने और बाद में अन्य विभागों को शामिल करने की योजना है।
पूरे संभाग के मरीजों को सीधा फायदा
सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक शुरू होने के बाद अजमेर के साथ ब्यावर, केकड़ी, डीडवाना-कुचामन, नागौर और टोंक सहित आसपास के क्षेत्रों से JLN अस्पताल आने वाले गंभीर मरीजों को फायदा मिलेगा। अभी जिन मरीजों को जटिल इलाज के लिए बड़े शहरों में रेफर करना पड़ता है, उनमें कमी आने की उम्मीद है।