business-finance

कंपनी के हाथ लगा 190 करोड़ का बड़ा ऑर्डर, रॉकेट बन गए शेयर; 6 महीने में 51% का तगड़ा रिटर्न

September 9, 2026

Sep 09, 2026 11:51 am ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली

Follow us on Google News

share

मुख्य बातें

  • एनवायरो इंफ्रा इंजीनियर्स (Enviro Infra Engineers) के हाथ 190 करोड़ का बड़ा ऑर्डर लगा है
  • कंपनी को महाराष्ट्र में 180 मेगावाट के विंड पावर प्रोजेक्ट के लिए करीब 189.99 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिला है
  • इस बड़ी डील के बाद कंपनी के शेयर में 10% की तेजी देखने को मिली है
Enviro Infra Engineers

एनवायरो इंफ्रा इंजीनियर्स के शेयरों में बुधवार को आई जबरदस्त तेजी।

एनवायरो इंफ्रा इंजीनियर्स (Enviro Infra Engineers) के शेयरों में बुधवार को जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। इसका सबसे बड़ा कारण कंपनी को महाराष्ट्र में मिलने वाला 180 मेगावाट के विंड पावर प्रोजेक्ट से जुड़ा करीब 190 करोड़ रुपये का बड़ा EPC ऑर्डर है, जिसके मिलने के बाद निवेशकों का उत्साह बढ़ गया है। बाजार में कंपनी का शेयर इंट्राडे कारोबार के दौरान लगभग 10 प्रतिशत तक चढ़ गया। कंपनी का शेयर बीएसई (BSE) पर 215.35 रुपये के हाई लेवल तक पहुंच गया। कंपनी की सहायक यूनिट सुयोग ऊर्जा लिमिटेड (Suyog Urja Limited) को यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट हासिल हुआ है, जिससे रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में एनवायरो इंफ्रा इंजीनियर्स (Enviro Infra Engineers) की मौजूदगी और मजबूत होने की उम्मीद है। आइए जरा विस्तार से इस प्रोजेक्ट डील की डिटेल्स जानते हैं।

मिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने बताया कि सुयोग ऊर्जा लिमिटेड (Suyog Urja Limited) को टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (Tata Power Renewable Energy Limited) से महाराष्ट्र के परली में विकसित होने वाले 180 मेगावाट के NTPC विंड पावर प्रोजेक्ट के लिए EPC टर्नकी कॉन्ट्रैक्ट मिला है। इस ऑर्डर की कुल कीमत 189.99 करोड़ रुपये है, जिसमें GST शामिल नहीं है। इस प्रोजेक्ट के तहत कंपनी को कई महत्वपूर्ण निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े काम पूरे करने होंगे।

प्रोजेक्ट में विंड टर्बाइन जनरेटर (Wind turbine generator) की नींव तैयार करने का काम शामिल है। इसके साथ ही स्टील की सप्लाई, जियोटेक्निकल वर्क और बैलेंस ऑफ प्लांट से जुड़े काम भी कंपनी की जिम्मेदारी होंगे। कंपनी को लगभग 39 एकड़ क्षेत्र में एक सुरक्षित और आधुनिक स्टोरेज यार्ड भी विकसित करना होगा। इसके अलावा प्रोजेक्ट साइट तक सामग्री पहुंचाने के लिए रास्तों की व्यवस्था, स्थायी और अस्थायी सड़कों का निर्माण तथा क्रेन पैड तैयार करने जैसे कार्य भी किए जाएंगे।

कंपनी इस प्रोजेक्ट के तहत 33 केवी ट्रांसमिशन लाइन को बनाने और उसे चालू करने का काम भी करेगी। इस घरेलू प्रोजेक्ट को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इतना बड़ा ऑर्डर मिलने से कंपनी के ऑर्डर बुक और भविष्य के कारोबार को मजबूती मिल सकती है।

महाराष्ट्र में 180 मेगावाट के विंड पावर प्रोजेक्ट के लिए करीब 190 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिलने से निवेशकों का उत्साह बढ़ा है। यही वजह है कि एनवायरो इंफ्रा इंजीनियर्स लिमिटेड (Enviro Infra Engineers Ltd) के शेयरों में 9 सितंबर 2026 (बुधवार) को मजबूत तेजी देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक (11:27 am) तक NSE पर कंपनी का शेयर 6.04 प्रतिशत यानी 11.85 रुपये चढ़कर 208.05 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

शेयर के प्रदर्शन की बात करें तो हाल के दिनों में इसमें तेजी और गिरावट दोनों देखने को मिली है। पिछले एक सप्ताह में शेयर करीब 8 प्रतिशत चढ़ा है, जबकि एक महीने में लगभग 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। यह शेयर 3 महीने में 12 प्रतिशत से अधिक चढ़ा है और 6 महीने में करीब 51 प्रतिशत की मजबूत तेजी दिखाई है। हालांकि, पिछले 1 साल में शेयर अभी भी 13 प्रतिशत से ज्यादा नीचे है। कंपनी का 52-वीक हाई लेवल 276.05 रुपये और निचला स्तर 135 रुपये रहा है। नया ऑर्डर मिलने के बाद अब निवेशकों की नजर कंपनी के रिन्यूएबल एनर्जी कारोबार की आगे की प्रगति पर रहेगी।

डिस्क्लेमर- इस खबर को जानकारी की तरह लें। किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।