मंगलवार को भिवानी में राज्य का सबसे अधिक तापमान 40.5°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतक में पारा 40.0°C और पलवल में 39.6°C दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.9°C अधिक है।
हरियाणा के 15 जिलों में गर्मी-उमस का मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट।
- Published: 15 Jul 2026, 09:36 AM IST
- Last Updated: 15 Jul 2026, 09:36 AM IST
हरियाणा मौसम: हरियाणा में मानसून की चाल धीमी होते ही सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। राज्य में एक तरफ जहां रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ के कुछ इलाकों में तेज बारिश से लोगों को मामूली राहत मिली है, वहीं अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस का डबल अटैक जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के 15 जिलों में गर्मी और उमस को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, 17 जुलाई तक प्रदेश के दक्षिणी और आसपास के हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क, बेहद गर्म और उमस भरा रहेगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि 19 जुलाई से राज्य में मानसून की एक बार फिर से जोरदार वापसी होने वाली है।
इन 15 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट
IMD ने जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की है, उनमें शामिल हैं:
- पश्चिमी और मध्य हरियाणा: हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, जींद और रोहतक।
- दक्षिणी और एनसीआर क्षेत्र: झज्जर, रेवाड़ी, नारनौल (महेंद्रगढ़), सोनीपत, पानीपत, पलवल, नूंह, फरीदाबाद और गुरुग्राम।
भिवानी 40.5°C के साथ सबसे गर्म, रात में भी राहत नहीं
मंगलवार को दिन के तापमान में 0.1°C की मामूली गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन यह अब भी सामान्य से 1.9°C अधिक बना हुआ है। दोपहर के समय हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे समेत कई प्रमुख सड़कें सुनसान नजर आईं। भिवानी में पारा सबसे ज्यादा 40.5°C रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा रोहतक में 40.0°C और पलवल में 39.6°C तापमान दर्ज हुआ। रात के समय भी लोगों को भारी उमस का सामना करना पड़ रहा है। फरीदाबाद में रात का पारा सबसे अधिक 29.3°C और चरखी दादरी में 29.1°C रहा। वहीं, सोनीपत में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.8°C दर्ज किया गया। मंगलवार शाम को रेवाड़ी में हुई मूसलाधार बारिश और धूल भरी आंधी ने उमस से राहत तो दी, लेकिन जलभराव के कारण रेलवे रोड पर गाड़ियां और बाइक पानी में डूबती नजर आईं।
19-20 जुलाई को भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, 17 जुलाई तक राज्य में केवल कुछ ही स्थानों पर छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 18 जुलाई से मौसम का मिजाज बदलेगा और बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। इसके बाद 19 और 20 जुलाई को मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा, जिससे हरियाणा के कई इलाकों में झमाझम और भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।