भोपाल20 मिनट पहलेलेखक: अजय वर्मा
- कॉपी लिंक

आबकारी विभाग ने मप्र के 51 जिलों में 1766 जगहों की सूची बनाई है, जहां अवैध शराब खरीदी-बेची जा रही है।
ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जब आबकारी अमले के रिकॉर्ड में यह जानकारी मौजूद है तो कार्रवाई के लिए सरकारी आदेश का इंतजार क्यों? खासकर सागर में, जहां जहरीली शराब से 34 मौतें हो चुकी हैं, फिर भी इसी जिले में आबकारी विभाग के रिकॉर्ड में 84 स्थानों पर अवैध शराब बेचे जाने की जानकारी दर्ज है। राजधानी भोपाल में भी ऐसी 30 लोकेशन बताई गई हैं।
इस सूची में वे स्थान भी हैं, जिन्हें सरकार ने पवित्र नगर मानकर शराब बंदी कर रखी है। उज्जैन जिले में ऐसे 28 स्थान दर्ज हैं। बड़ा सवाल यह है कि विभाग के पास जब यह सूची मौजूूद है तो इनमें से कितने स्थानों पर कार्रवाई हुई और क्या मौतों से पहले इन चिह्नित लोकेशन की निगरानी की गई थी?
आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना का कहना है कि हमने ऐसे क्षेत्रों की पहचान की है जहां अवैध शराब का निर्माण व बिक्री की हिस्ट्री रही है। इन क्षेत्रों में नियमित निगरानी और दबिश की कारवाई की जाएगी।
बड़ा सवाल- सरकार को पता है तो मौतों का इंतजार क्यों
मौतों के बाद बुलडोजर एक्शन, अवैध ढाबे, होटल, टपरे जमींदोज बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब कांड के बाद प्रशासन ने शराब माफिया और सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मालथौन, बांदरी, बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र में बड़ा बुलडोजर एक्शन लिया। एनएच-44 किनारे शासकीय भूमि पर बने 70 से अधिक अवैध ढाबे, होटल और टपरों को जमींदोज कर दिया गया। इसमें मुख्य आरोपियों मनीष लोधी, चंद्रभान राजपूत के अवैध निर्माण भी शामिल हैं।
पांच बड़े होटल सील सागर में जहरीली शराब कांड के आरोपी शराब कारोबारी सिद्धार्थ कुशवाहा और अन्य संचालकों के 5 बड़े होटलों व रिसॉर्ट्स पर प्रशासन, पुलिस और खाद्य विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर उन्हें अस्थाई रूप से सील कर दिया।
30 लाख की अवैध शराब जब्त सागर में अब तक महज एक-दो पेटी की रस्म अदायगी करने वाला आबकारी अमले ने सहायक आयुक्त वंदना पांडे के नेतृत्व में 24 घंटे के अंदर तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 30 लाख रुपए कीमत की अवैध शराब जब्त की है। आबकारी की इस साल की यह सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
इधर 10 सितंबर की देर रात शाहगढ़ थाना क्षेत्र के हीरापुर में आबकारी अमले ने जहरीली शराब मामले के मुख्य आरोपी मनीष उर्फ यशवंत लोधी द्वारा शराब के बड़े ठिकाने के रूप में उपयोग किए जा रहे मकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान विभिन्न विदेशी ब्रांड की 261 बल्क लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 2.80 लाख रुपए आंकी गई है।
इसके बाद दूसरी कार्रवाई शुक्रवार को बहेरिया थाना के बाछलोन गांव में अनीता पति मनोज पाठक के खाली पड़े मकान पर की गई। 96 पेटी अंग्रेजी शराब, बीयर और देशी शराब को मिलाकर कुल 864 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की। शराब की कीमत 7.50 लाख रुपए आंकी गई है।
जंगल में फेंककर भागे ब्रांडेड शराब आबकारी अमला बाछलोन में अपनी कार्रवाई पूरी भी नहीं कर पाया था कि, दोपहर करीब 3 बजे उन्हें ग्रामीणों से फोन पर सूचना मिली कि रानीपुरा के जंगल में लक्कड़ बाबा के मंदिर के पास अज्ञात व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध शराब फेंककर भाग गया है।
टीम जब मौके पर पहुंची तो बड़ी मात्रा में ब्रांडेड शराब की बोतलें, पेटियां जंगल के बीच पड़ी हुई थीं। आबकारी के अनुसार मौके पर 50 से 60 पेटी शराब मिली है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए से ज्यादा आंकी जा रही है।
टॉप 10 जिले... जहां सबसे ज्यादा अवैध शराब का कारोबार
सबसे ज्यादा 140 जगह रीवा में अवैध शराब का कारोबार हो रहा है। सागर में 84, उमरिया में 74 और छिंदवाड़ा में 68 लोकेशन हैं। जबलपुर व गुना में 62-62, नर्मदापुरम में 59, राजगढ़ में 57, धार में 56 और मऊगंज में 54 लोकेशन हैं। इनके अलावा दतिया और रतलाम में 47-47, शिवपुरी, भिण्ड और बालाघाट में 46-46 तथा रायसेन में 45 लोकेशन हैं।
.