world-news

सर्वे में अड़चन: वेस्टर्न बायपास... 16 गांवों के किसान अड़े, बोले- बिना अनुमति खेत में न घुसें - Bhopal News

September 11, 2026

  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Bhopal
  • Western Bypass... Farmers From 16 Villages Are Adamant, Saying They Should Not Enter Their Fields Without Permission.

भोपाल38 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
गांवों में सर्वे करती राजस्व की टीम। - Dainik Bhaskar

गांवों में सर्वे करती राजस्व की टीम।

23 गांवों की कुल 716 एकड़ भूमि का होना है अधिग्रहण

वेस्टर्न बायपास के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अब राजस्व की धारा-20 के तहत 23 गांवों की करीब 290 हेक्टेयर (716 एकड़) जमीन पर प्रॉपर्टी का वेरिफिकेशन किया जा रहा है। लेकिन 16 गांवों में किसानों की आपत्ति के कारण सर्वे में अड़चन आ रही है। टीम के पहुंचते ही किसान पूछ रहे हैं- कौन सी सड़क बननी है, कहां से गुजरेगी और उनकी जमीन इसमें कैसे आ रही है? किसानों का यह भी कहना है कि उन्हें इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

इसके अलावा कुछ जगहों पर किसानों ने सर्वे टीम को रोककर पूछा- आप कौन हैं? हमारी अनुमति के बिना न हमारे खेत में घुसना, न घर हमारे में। किसान सर्वे टीम के अफसरों से आईडी कार्ड भी मांग रहे हैं। फसल खड़ी होने का हवाला देते हुए कुछ किसानों ने बिना अनुमति खेत में प्रवेश देने से इनकार कर दिया। टीम जमीन की माप करने और मौके पर मौजूद घर, निर्माण व अन्य संपत्ति की जानकारी जुटाने पहुंची थी।

जिन गांवों में अड़चन, वहीं पर 494 एकड़ जमीन वर्तमान में भानपुर केकड़िया, समसगढ़, समसपुरा, आवला, सवर, झागरिया खुर्द, मूडला, नरेला, टीलाखेड़ी, जाटखेड़ी, खोकरिया, हताईखेड़ी, दुबड़ी, पिपलिया धाकड़, फंदा खुर्द और फंदा कला में वेरिफिकेशन किया जा रहा है। इन 16 गांवों में करीब 200 हेक्टेयर यानी 494 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जानी है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 500 करोड़ रुपए है। पूरे 35.6 किमी के बायपास रूट में 23 गांवों की करीब 290 हेक्टेयर (716 एकड़)भूमि अधिग्रहण के दायरे में आएगी।

एमपी रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमपीआरडीसी) 35.611 किमी लंबे पश्चिम भोपाल बायपास फोरलेन मय पेव्हड शोल्डर का निर्माण करेगा। कैबिनेट मंजूरी के बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अक्टूबर में परियोजना के भूमिपूजन की तैयारी है।

अखबार में सार्वजनिक सूचना देना पड़ी किसानों की आपत्ति के बाद प्रशासन ने 16 गांवों के किसानों और जमीन मालिकों के लिए अखबार में सार्वजनिक सूचना जारी कराई। इसमें जमीन अधिग्रहण और वेरिफिकेशन की जानकारी दी गई। सरपंच-सचिव और पटवारियों के जरिए भी गांवों में बायपास निर्माण की जानकारी पहुंचाई जा रही है।

धारा-20 में पहली बार मिलेगा व्यक्तिगत नोटिस अधिग्रहण प्रक्रिया में धारा-11 और 19 का प्रकाशन हो चुका है। अब धारा-20 में किसानों और जमीन मालिकों को व्यक्तिगत नोटिस मिलेंगे। इससे पहले राजस्व टीमें रकबा, सीमांकन, मालिकाना हक और मौके पर मौजूद घर का रिकॉर्ड तैयार कर रही हैं।

वेस्टर्न बायपास के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। प्रॉपर्टी वेरिफिकेशन का काम चल रहा है। किसानों को सही जानकारी रहे इसके लिए सूचना प्रकाशित कराई गई है। साथ ही पटवारियों के अलावा अन्य माध्यमों से उनको इसकी जानकारी भी दी जा रही है। -विनोद सोनकिया, हुजूर एसडीएम

.