world-news

राजस्थान निकाय चुनाव: भरतपुर में 152 वार्डों में निर्दलीय जीते, भाजपा 66 सीटों के साथ बनी सबसे बड़ी पार्टी

September 14, 2026

राजस्थान निकाय चुनाव: भरतपुर में 152 वार्डों में निर्दलीय जीते, भाजपा 66 सीटों के साथ बनी सबसे बड़ी पार्टी

भरतपुर, 14 सितंबर (आईएएनएस)। भरतपुर जिले में नगर निकाय आम चुनाव 2026 की मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। जिले की 1 नगर निगम और 6 नगर पालिकाओं के कुल 235 वार्डों में से भाजपा ने 66, कांग्रेस ने 15, बसपा ने 1, आरएलपी ने 1 और 152 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। नतीजों में निर्दलीयों ने सभी राजनीतिक दलों को पीछे छोड़ दिया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत सभी निकाय मुख्यालयों पर बनाए गए मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती हुई। भरतपुर नगर निगम के 65 वार्डों के परिणामों में निर्दलीयों का दबदबा रहा। यहां 36 वार्डों में निर्दलीय, 20 वार्डों में भाजपा, 7 वार्डों में कांग्रेस, 1 वार्ड में बसपा और 1 वार्ड में आरएलपी के उम्मीदवार जीते।

निगम में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी तो बनी, लेकिन बोर्ड बनाने के लिए उसे निर्दलीय जनप्रतिनिधि के समर्थन की जरूरत होगी। वार्ड 1 से करण सिंह, 2 से अम्बिका सैनी, 3 से आकाश निराला, 4 से अरविन्द जैसे निर्दलीयों ने जीत हासिल की। भाजपा के विजेताओं में वार्ड 8 से जीतेंद्र सिंह, 12 से सुधा शर्मा, 19 से मनोज सिंह, 22 से नीतू सिंह, 23 से किरण सहित 20 प्रत्याशी शामिल हैं।

नदबई, वैर, बयाना में भी निर्दलीय हावीनगर पालिका नदबई के 35 वार्डों में से 25 पर निर्दलीय और 10 पर भाजपा के उम्मीदवार जीते। यहां कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला।

नगर पालिका वैर के 25 वार्डों में 20 पर निर्दलीय, 3 पर भाजपा और 2 पर कांग्रेस जीती। वार्ड 1 से राजवती सैनी, 2 से मोनिका सहित अधिकांश वार्डों में निर्दलीयों ने कब्जा जमाया।

नगर पालिका बयाना के 35 वार्डों में 22 पर निर्दलीय, 11 पर भाजपा और 2 पर कांग्रेस के प्रत्याशी विजयी रहे।

नगर पालिका रूपवास के 25 वार्डों में निर्दलीय 14, भाजपा 9 और कांग्रेस 2 वार्डों में जीती। यहां वार्ड 1 से अमन कुमार निर्दलीय और वार्ड 2 से राममूर्ति कांग्रेस से विजयी हुए।

सबसे ज्यादा निर्दलीयों का दबदबा भुसावर में देखने को मिला। भुसावर नगर पालिका के 25 वार्डों में से 22 पर निर्दलीय, 2 पर भाजपा और 1 पर कांग्रेस जीती। वहीं, उच्चैन नगर पालिका के 25 वार्डों में 13 पर निर्दलीय, 11 पर भाजपा और 1 पर कांग्रेस के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।

जिले भर के नतीजों को देखें तो 235 में से 152 वार्डों पर निर्दलीयों की जीत ने सभी सियासी समीकरण बिगाड़ दिए हैं। भरतपुर नगर निगम सहित सभी 6 नगर पालिकाओं में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। ऐसे में बोर्ड गठन के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों को निर्दलीय पार्षदों को साधना होगा। आने वाले दिनों में अध्यक्ष पद के लिए जोड़-तोड़ की राजनीति तेज होने की उम्मीद है।

--आईएएनएस

एससीएच/डीएससी