world-news

यूपी दिनभर,15 बड़ी खबरें: 67 हजार टीचरों की नौकरी बची रहेगी, बच्चे लेकर ट्रेन के आगे कूदी मां, नदी में समाया स्कूल, अपनी मौत के बाद घर पहुंचा युवक - Uttar Pradesh News

July 27, 2026

.

आज की सबसे बड़ी खबर यूपी में 69 हजार शिक्षक भर्ती से जुड़ी है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर मंत्री दयाशंकर के बलिया में विरोध को लेकर है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…

पहले टॉप 5 खबरें…

1. यूपी के 67 हजार शिक्षकों की नौकरी नहीं जाएगी, सरकार ने कहा- नए पात्र अभ्यर्थियों से खाली पद भरेंगे

यूपी सरकार ने 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती मामले में सुप्रीम कोर्ट में कहा- 2020 में नियुक्त 67 हजार 867 शिक्षकों की नौकरी नहीं जाएगी। अगर हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक नई मेरिट लिस्ट में कुछ नए कैंडिडेट एलिजिबल पाए जाते हैं, तो उन्हें खाली पड़े पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। सरकार ने कहा कि यह फैसला सिर्फ 69 हजार शिक्षक भर्ती तक सीमित रहेगा। पूरी खबर पढ़ें

2. सुप्रीम कोर्ट बोला- SIT में CA भी शामिल करो, राममंदिर चढ़ावा चोरी की 2 हफ्ते में जांच रिपोर्ट दो

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की सोमवार दोपहर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया- नई SIT बना दी गई है। IG किरण एस इसे लीड कर रहे हैं। टीम में एक DIG, SSP और ASP भी शामिल हैं। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा- इस SIT में फोरेंसिक ऑडिटर को शामिल करिए, जो खातों और रिकॉर्ड्स की जांच करेगा। पूरी खबर पढ़ें

3. बलिया में दयाशंकर के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए, बाढ़ देखने गए मंत्री को महिलाओं ने घेरा

यूपी सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह को अपनी ही विधानसभा में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। वह बाढ़ प्रभावित इलाके में प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से मिलने पहुंचे थे। मंत्री के गांव के अंदर दाखिल होते ही सैकड़ों ग्रामीणों ने उनकी कार घेर ली। दयाशंकर सिंह मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। इस दौरान मंत्री काफी देर तक अपनी गाड़ी के अंदर ही बैठे रहे। पूरी खबर पढ़ें

4. यूपी में सरकारी प्राइमरी स्कूल सरयू नदी में समाया, फसलें डूबीं; लखनऊ समेत 10 शहरों में बारिश

यूपी में सोमवार को गोरखपुर, बाराबंकी और अयोध्या समेत 40 से ज्यादा शहरों में बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकली। दोपहर होते-होते लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, सहारनपुर और गाजियाबाद समेत 10 शहरों में बारिश हुई। बलिया में प्राइमरी स्कूल सरयू नदी में समा गया मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें

5. लखनऊ में डिंपल यादव के खिलाफ प्रदर्शन, छात्रों ने बैरिकेडिंग धकेली, पुलिस से धक्का-मुक्की की

लखनऊ में डिंपल यादव के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। उनके साथ अखिलेश यादव, राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। सोमवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों ने इन नेताओं के खिलाफ शर्म करो-शर्म करो के नारे लगाए। उनका कहना था कि जहां भी गैर-एनडीए सरकारें हैं, उन राज्यों में पेपर लीक हो रहे हैं। ये नेता इस पर क्यों खामोश हैं। पूरी खबर पढ़ें

अब 8 अहम खबरें…

6. केशव बोले- प्रयागराज में बवाल करने वाले समाजवादी गुंडे, छात्र आंदोलन में जांच के बाद कार्रवाई होगी

प्रयागराज में छात्र आंदोलन के दौरान हुई तोड़फोड़ और हिंसा की घटना पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन की आड़ में किसी ने हिंसा की है तो उसकी जांच कराई जाएगी। 'जो बच्चे NEET पेपर से संबंधित थे, उन लोगों ने ये काम नहीं किया। आंदोलन के बीच में समाजवादी पार्टी के गुंडों ने घुसकर बवाल किया है। पूरी खबर पढ़ें

7. वाराणसी में लंगड़ा हाफिज मस्जिद पर हथौड़ा चला, दालमंडी में छठवीं मस्जिद टूटी

वाराणसी में सोमवार को दालमंडी की लंगड़ा हाफिज मस्जिद परिसर में चिन्हित निर्माण को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच सहमति बनने के बाद मस्जिद कमेटी ने स्वयं सड़क चौड़ीकरण की जद में आए हिस्से को हटाने का निर्णय लिया। उसके बाद मजदूरों की मदद से दोपहर 1 बजे से ध्वस्तीकरण का काम शुरू हुआ। पूरी खबर पढ़ें

8. महिला PCS अफसर को ऑफिस में घुसकर धमकी दी, बोला- प्रयागराज में रहने नहीं देंगे

प्रयागराज में एडिशनल कमिश्नर जयजीत कौर को उनके ऑफिस में घुसकर गाली-गलौज और धमकाने का मामला सामने आया है। अफसर का आरोप है कि उनके ऑफिस में एक युवक अपने साथियों के साथ घुस आया। उसने धमकी दी कि अगर मेरे पक्ष में फैसला नहीं किया, तो प्रयागराज में रहने नहीं देंगे। बात नहीं मानने पर अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। पूरी खबर पढ़ें

9. पत्नी से परेशान 28 साल का पति फंदे पर लटका, उन्नाव में पिता बोले- बहू का अफेयर चल रहा था

उन्नाव में पत्नी और साले से परेशान युवक ने फंदे पर लटककर सुसाइड कर लिया। इससे पहले उसने 4 मिनट का एक वीडियो बनाया। इसमें कहा- “मेरी मौत की जिम्मेदार पत्नी और उसकी बुआ का लड़का है। इन लोगों ने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी है। इतना कहने के बाद युवक ने टिनशेड की रॉड पर नायलॉन की रस्सी बांधी और फंदे पर झूल गया। पूरी खबर पढ़ें

10. गोद में बेटा-बेटी को लेकर ट्रेन के आगे कूदी मां, ललितपुर में पति रोज पीटता था

ललितपुर में पति की पिटाई से नाराज एक 35 साल की महिला ने अपने 2 बच्चों के साथ जान दे दी। वह दोनों बच्चों को गोद में लेकर ट्रेन के आगे कूद गई। तीनों की लाश के टुकड़े रेलवे ट्रैक के आसपास बिखर गए। बेटे की उम्र 2 साल और बेटी की 4 साल थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इससे पहले महिला शिकायत के लिए पुलिस चौकी गई थी। पूरी खबर पढ़ें

11. दादा-दादी, नाती-पोते को ट्रक ने रौंदा, चारों की मौत, संतकबीर नगर में घर के बाहर बैठे थे

संतकबीरनगर में सोमवार सुबह एक परिवार के 4 लोगों को ट्रक ने रौंद दिया। ये सभी घर के बाहर बैठे हुए थे। तभी तेज रफ्तार ट्रक आया। चारपाई पर बैठे दादा-दादी, नाती और पोते को रौंदता हुआ घर में घुस गया। ट्रक की रफ्तार करीब 60 किमी थी। ऐसे में किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक हटवाकर दबे हुए शवों को बाहर निकाला। पूरी खबर पढ़ें

12. गाजियाबाद में नौकरानी ने 5 सेकेंड में चुराया आईफोन, बच्चा संभालने के लिए रखा, पहले दिन ही चोरी की

गाजियाबाद में नौकरानी ने घर में रखा आई-फोन चोरी कर लिया। महज 5 सेकेंड में उसने टेबल से आईफोन उठाया और अपने कपड़ों में छिपा लिया। मालिक ने पूछा तो उन पर ही भड़क गई। फिर वहां से चली गई। मालिक ने CCTV चेक किए, इसमें नौकरानी आई-फोन चुराते दिखी। मालिक ने CCTV के साथ पुलिस में शिकायत की, जिसके बाद नौकरानी पकड़ी गई। पूरी खबर पढ़ें

13. कानपुर में महिला ने चाकू से खुद का गला काटा, खून से लथपथ तड़पती रही, 20 घंटे बाद मौत

कानपुर में ससुराल वालों से परेशान होकर महिला ने चाकू से खुद का गला काट लिया। वह खून से लथपथ होकर तड़पती रही। रविवार सुबह 4 बजे परिवार के लोगों ने गंभीर हालत में प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात करीब 12 बजे इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात कह रही है। घटना नरवल इलाके की है। पूरी खबर पढ़ें

खबर जो हटकर है…

14. झांसी में मौत के 7 घंटे बाद जिंदा लौटा युवक, घरवालों से बोला- मजदूरी करने दिल्ली गए थे

झांसी में मौत के 7 घंटे बाद एक युवक अपने घर जिंदा लौट आया। इससे पहले रविवार दोपहर 2 बजे रेलवे ओवरब्रिज से कूदकर जान गंवाने वाले एक अज्ञात युवक के शव की पहचान घरवालों ने अपने बेटे के रूप में की थी। बेटे को जिंदा देख घरवाले हैरान रह गए। युवक को जीआरपी थाने बुलाया गया। उसने पूछताछ में बताया कि वह मजदूरी करने के लिए दिल्ली गया था। पूरी खबर पढ़ें

कल कैसा रहेगा मौसम…

15. यूपी के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 28 जुलाई को मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, अमरोहा, मेरठ और बुलंदशहर समेत 14 जिलों में भारी से भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है।

कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…