.
जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला सुपर क्रिकेट लीग के अंतिम लीग मुकाबले में लर्निंग क्रिकेट अकादमी खगड़िया ने तिरवैनी क्रिकेट क्लब खगड़िया को 182 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
मुकाबले में उत्कर्ष आनंद ने 130 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि हेमंत हिमांशु ने घातक गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर छह विकेट चटकाए। दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लर्निंग क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 35 ओवर में सात विकेट पर 309 रन बनाए। टीम की ओर से उत्कर्ष आनंद ने 130 रन बनाकर बड़े स्कोर की नींव रखी। जतीन और शुभम ने 32-32 रन, आदित्य खुशी ने 31 रन और प्रिंस कुमार ने 17 रन का योगदान दिया। तिरवैनी क्रिकेट क्लब की ओर से करण कुमार ने चार विकेट लिए, जबकि आशीष, प्रितिश और गौतम को एक-एक विकेट मिला।
310 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तिरवैनी क्रिकेट क्लब की टीम हेमंत हिमांशु की धारदार गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। हेमंत ने 6.2 ओवर में 15 रन देकर छह विकेट लिए। उन्होंने लगातार पांच विकेट हासिल कर विपक्षी टीम को संभलने का मौका नहीं दिया। हेमंत ने बल्लेबाजी में भी योगदान देते हुए सात गेंदों पर नाबाद 17 रन बनाए। तिरवैनी क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 21.2 ओवर में 127 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सर्वाधिक 37 रन बने। अंकित कुमार ने 18 रन, जबकि शुभम और प्रितिश ने 16-16 रन बनाए। लर्निंग क्रिकेट अकादमी की ओर से हेमंत के अलावा हर्षित आनंद, नीरज और प्रिंस कुमार ने एक-एक विकेट हासिल किया। उत्कर्ष आनंद की शतकीय पारी और हेमंत हिमांशु की घातक गेंदबाजी को देखते हुए मुकाबले के निर्णायक मनोहर कुमार एवं संदीप कुमार राज ने दोनों खिलाड़ियों को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष विनोद कुमार, सचिव देवराज कुमार तथा बीसीसीआई एवं एनआईएस कोच करमवीर कुमार उपस्थित रहे। लर्निंग क्रिकेट अकादमी खगड़िया के अध्यक्ष डॉ. कुमार देवव्रत ने टीम की जीत और दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। इस जीत के साथ अकादमी ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
निर्णायकों ने दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित किया