
डेरा इस्माइल खान में धमाकाImage Credit source: TV9
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान में शनिवार को एक जबरदस्त धमाका हुआ. इस धमाके में जिले के दराजिंदा इलाके में मौजूद अमन मेला पुलिस चेकपोस्ट को निशाना बनाया गया. इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई और 35 अन्य घायल हो गए। इस धमाके से सुरक्षा चौकी तबाह हो गई और कई सुरक्षाकर्मी व आम नागरिक मलबे के नीचे दब गए.
धमाके के तुरंत बाद इमरजेंसी रेस्क्यू टीमों और सेना ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया. तहरीक-ए-तालिबान ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. Dawn की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर ने विस्फोटक से लदे एक वाहन को अमन मेला चेकपोस्ट की बाहरी दीवार से टकरा दिया. धमाका इतना जबरदस्त था कि चेकपोस्ट मलबे में तब्दील हो गई. धमाके के असर से आस-पास की इमारतें और ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर के किनारे खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं.
रेस्क्यू एम्बुलेंस पर भी गोलीबारी
इस अलावा अन्य घटना में विस्फोट के बाद पीड़ितों के शव ले जा रही ‘रेस्क्यू 1122’ एम्बुलेंस पर भी गोलीबारी हुई, जिसमें एक बचावकर्मी की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. DI खान के रीजनल पुलिस ऑफिसर (RPO) गुलाम मुबाशिर माकेन ने शुरुआती जानकारी के आधार पर विस्फोट में लोगों के मरने की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि मरने वालों में कोई कानून प्रवर्तन या सुरक्षाकर्मी शामिल नहीं था.
मरने वालों में एक कस्टम अधिकारी
मरने वालों में एक कस्टम अधिकारी और आम नागरिक शामिल थे. डीआई खान के डिस्ट्रिक्ट पुलिस ऑफिसर (DPO) जियाउद्दीन अहमद ने पुष्टि की कि यह एक आत्मघाती विस्फोट था. विस्फोट से चेकपोस्ट का एक बड़ा हिस्सा खत्म हो गया और पोस्ट के पास स्थित एक घर पूरी तरह से ढह गया. स्थानीय अधिकारियों और निवासियों के अनुसार, विस्फोट इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनी गई. विस्फोट के बाद भारी गोलीबारी की आवाज भी सुनी गई.
KP में हिंसा की घटनाएं
इस महीने की 18 तारीख को पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक जबरदस्त बम धमाका हुआ. यह आत्मघाती हमला शुक्रवार को कोहाट जिले के पुलिस लाइन्स इलाके में उस समय हुआ जब जुमे की नमाज़ पढ़ी जा रही थी. इस हमले में 15 लोग मारे गए और 50 से ज्यादा घायल हो गए. हमलावरों ने विस्फोटक से भरी गाड़ी में तब धमाका किया जब लोग जुमे की नमाज के लिए इकट्ठा हुए थे.
पाकिस्तान का KP प्रांत लंबे समय से हिंसा और अशांति का दौर देख रहा है. प्रांत में कई हथियारबंद गुटों ने पाकिस्तानी सरकार और सेना के खिलाफ जंग छेड़ रखी है. ये गुट लगातार पाकिस्तानी सेना से जुड़े ठिकानों को निशाना बना रहे हैं. हाल के महीनों में KP में कई बड़े हमले हुए हैं.
गवर्नर ने रिपोर्ट मांगी, जरदारी जताया दुख
KP के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने घटना पर वरिष्ठ अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी और निर्देश दिया कि घायलों को हर संभव मेडिकल सुविधा दी जाए. राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी ने प्रेसिडेंसी से जारी एक बयान में धमाके की कड़ी निंदा की और जान गंवाने वालों के प्रति दुख जताया.
राष्ट्रपति ने आदेश दिया कि घायलों को बेहतरीन मेडिकल सुविधाएं दी जाएं और राहत कार्यों को और ज्यादा असरदार बनाया जाए. उन्होंने कहा, “बेगुनाह नागरिकों और कानून लागू करने वाले कर्मियों को आतंकवाद का निशाना बनाना बेहद निंदनीय है.”

मोहम्मद जुनेद अख्तर
मोहम्मद जुनेद अख्तर करीब 12 साल से मीडिया में काम कर रहे हैं. करियर की शुरुआत साल 2013 में 'अमर उजाला' गाजियाबाद से की थी. यहां इन्होंने करीब एक साल तक रेलवे, कलेक्ट्रेट और आरडब्ल्यूए जैसी बीट पर काम किया. फरवरी 2014 में नवोदय टाइम्स अखबार से जुड़ गए और गाजियाबाद में ही रेलवे, स्पोर्ट्स और एजुकेशन की बीट कवर की. करीब एक साल बाद 2015 में गाजियाबाद से दिल्ली ट्रांसफर हो गया. दिल्ली में अल्पसंख्यकों के मुद्दों के साथ जंतर-मंतर पर कई बड़े धरने-प्रदर्शन कवर किए. अगस्त 2016 में दिल्ली से नोएडा ट्रांसफर हो गया. नोएडा में क्राइम बीट पर लगातार करीब तीन साल काम किया. इसके बाद 2020 में लॉकडाउन के दौरान क्राइम के अलावा गौतमबुद्ध नगर के तीनों प्राधिकरण और दूसरी बीट भी कवर करने का मौका मिला. 2024 में ‘उत्तर प्रदेश टाइम्स’ की डिजिटल टीम को जॉइन कर लिया. इस दौरान 'उत्तर प्रदेश टाइम्स' की नोएडा डिजिटल साइट ट्राइसिटी टुडे में भी काम किया. जनवरी 2025 में न्यूज 24 डिजिटल टीम को जॉइन कर लिया. यहां जुनेद अख्तर ने बतौर सब एडिटर काम किया और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों पर काम किया. सितम्बर 2025 से TV9 भारतवर्ष की वेबसाइट में सीनियर सब एडिटर के तौर पर जुड़े.
Read More