शाहनवाज खान | हरदोई31 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

हरदोई में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल के जन्मदिन के अवसर पर रविवार को गांधी भवन परिसर में रक्तदान एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। दोपहर 12 बजे शुरू हुए शिविर में राजकीय मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
करीब साढ़े तीन बजे तक चले शिविर में कुल 102 लोगों ने रक्तदान किया। वहीं, शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों मरीजों को नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श, दवाएं और पैथोलॉजी जांच की सुविधा दी गई।

पहली बार रक्तदान कर छात्राओं ने बढ़ाया उत्साह
गहलोत नर्सिंग होम की ओर से आयोजित शिविर में युवाओं और महिला चिकित्सकों में खासा उत्साह देखने को मिला। एमबीबीएस तृतीय वर्ष की छात्रा अमिता प्रसाद ने पहली बार रक्तदान किया।
उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद की जान बचाने में मदद कर सकता है। उन्होंने महिलाओं से भी अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और रक्तदान में आगे आने की अपील की। एमबीबीएस चौथे वर्ष की छात्रा पूजा वर्मा ने कहा कि रक्तदान में पुरुषों के साथ महिलाओं को भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

10 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की मरीजों की जांच
स्वास्थ्य शिविर में अलग-अलग रोगों के 10 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों को परामर्श दिया। इनमें हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेंद्र गहलोत, जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सरला गहलोत, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित राय, जनरल सर्जन डॉ. दिलीप वर्मा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. स्तुति सिंह, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. किशन कुमार, फिजियोथेरेपी विशेषज्ञ डॉ. अंशुल ओमर, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित किशोर, कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता कुशवाहा और डॉ. ब्रह्म प्रकाश शामिल रहे।
जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने का प्रयास
आयोजक डॉ. सुरेंद्र गहलोत और डॉ. सरला गहलोत ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि समय पर रक्त मिलने से कई गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सकती है।
शिविर में दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों की नि:शुल्क जांच की गई। उन्हें डॉक्टरों की सलाह के अनुसार मुफ्त दवाएं और पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। आयोजकों के मुताबिक, रक्तदान के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
.