world-news

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: नशा विरोधी एक्टिविस्ट झोटा की हत्या, CM के पूर्व OSD कांग्रेस में शामिल; सुतली बम फोड़ने पर दौड़ी पुलिस - Punjab News

October 13, 2026

.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या से जुड़ी रही। मेडिकल स्टोर संचालक ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उनके समर्थक भड़क गए और प्रदर्शन किया।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या

मानसा में एंटी ड्रग टास्क फोर्स के संचालक परविंदर सिंह झोटा की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। नशा बेचने का विरोध करने को लेकर नशा विरोधी एक्टिविस्ट झोटा की मेडिकल स्टोर मालिक अश्विनी से बहस हुई। इसी दौरान अश्विनी ने उन्हें 3 गोलियां मार दीं। उनके 4 साथियों को भी गोली लगी है। जब झोटा को साथी ले जाने लगे तो मेडिकल स्टोर मालिक हाथ में पिस्टल लिए पीछे भी जाता दिखा।

कुछ देर बाद वह मेडिकल स्टोर बंद कर वहां से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, साल 2023 में झोटा ने नशा बेचने की वजह से इसी दुकानदार के गले में जूतों की माला पहनाकर घुमाया था। इस वजह से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। मानसा के SSP वैभव चौधरी ने कहा कि कातिल की तलाश की जा रही है।

झोटा के कत्ल से उनके समर्थक व परिजन सिविल अस्पताल के बाहर इकट्‌ठा हो गए। उन्होंने मानसा शहर बंद का ऐलान किया और अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। वह झोटा की लाश मांग रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें शव नहीं दे रही। क्योंकि, समर्थक शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन कर सकते हैं। वहीं, CM भगवंत मान ने सभी जिलों के DC और SSP की हाई लेवल मीटिंग बुला ली है। (पढ़ें पूरी खबर)

2. CM मान के पूर्व ओएसडी कांग्रेस में शामिल

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के पूर्व OSD मनजीत सिंह सिद्धू कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने सिद्धू को पार्टी में शामिल कराया। जनवरी 2023 में उन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान का ओएसडी नियुक्त किया गया था।

इससे पहले वह आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई में मीडिया से जुड़ी जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। नवंबर 2023 में मनजीत सिंह सिद्धू ने मुख्यमंत्री के ओएसडी पद से इस्तीफा दे दिया था। मुख्यमंत्री कार्यालय ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। (पढ़ें पूरी खबर)

3. CM के OSD पर ED ने केस दर्ज किया

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD राजबीर घुम्मन पर ED ने जालंधर में केस दर्ज कर लिया है। ED इस पूरे मामले में मनी लॉन्ड्रिंग और पैसों के लेन-देन के एंगल से छानबीन करेगी। एक दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने घुम्मन की गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी।

कुछ दिन पहले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इस मामले की जांच CBI को सौंपी थी। इसमें OSD राजबीर सिंह घुम्मन समेत अन्य लोगों पर आरोप है कि वे मुख्यमंत्री कार्यालय में ट्रांसफर-पोस्टिंग और नीतिगत मामलों में दखल देकर कथित भ्रष्टाचार कर रहे थे।

जुलाई-अगस्त 2026 में ED ने पंजाब DGP गौरव यादव को 3 चिटि्ठयां भेजकर CM ऑफिस से जुड़े कथित भ्रष्टाचार पर FIR की मांग की थी। ED ने वॉट्सएप चैट और दूसरे डिजिटल सबूत मिलने का दावा किया। (पढ़ें पूरी खबर)

4. रिटायर्ड फौजी और उसके बेटे ने सुसाइड किया

फरीदकोट में सोमवार देर रात पिता और पुत्र ने आपस में झगड़े के बाद सुसाइड कर लिया। दोनों ने घर में रखा सल्फास निगल लिया था। परिजन दोनों को अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान दोनों की ही मौत हो गई।

परिजन का कहना है कि दोनों पिता-पुत्र में संपत्ति को लेकर झगड़ा होता था। पिता फौज से रिटायर्ड था, जबकि बेटा नशे का आदी था। इसलिए, पिता अपने इस बेटे को कोई संपत्ति नहीं देना चाहता था। इसी से परेशान होकर दोनों ने यह कदम उठाया। यह बेटा उसके छोटे भाई की विधवा से शादी करने के बाद पैदा हुआ था।

पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य आएंगे और परिजन जो भी बयान देंगे, उसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)

5. प्राइवेट बैंक के मैनेजर को गोली मारी

अमृतसर में बैंक मैनेजर को गोली मारी गई है। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक रुपयों के लेन-देन के विवाद में बहस हुई, जिसके बाद हाथापाई के दौरान गोली चल गई। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस बैंक का CCTV फुटेज भी खंगाल रही है।

यह मामला अमृतसर के मॉल रोड स्थित यस बैंक का है। बुधवार दोपहर यहां कुछ लोग पहुंचे। उनका बैंक में किसी तरह के लेन-देन को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान मामला बैंक के मैनेजर तक पहुंच गया। दोनों पक्षों में वहां बहस हो गई। झगड़ा बढ़ाने के बाद बाहर से आए लोगों ने गोली चला दी। जो बैंक मैनेजर के पैर पर लगी और वह घायल होकर गिर पड़े।

इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस तुरंत बैंक में पहुंची और बैंक कर्मियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल इस मामले में विस्तृत जानकारी का इंतजार है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. 51वें दिन टावर से नीचे उतरे 2 बुजुर्ग

पठानकोट में 50 दिनों से 200 फीट ऊंचे बिजली के टावर पर डटे 2 बुजुर्ग आखिरकार मंगलवार को नीचे उतर आए। जिला प्रशासन के साथ हुई बातचीत के बाद दोनों बुजुर्गों ने अपना धरना समाप्त करने पर सहमति जताई।

प्रशासन ने दोनों बुजुर्गों को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए विशेष रूप से क्रेन का इंतजाम किया। टावर से नीचे उतरने के बाद प्रशासन द्वारा दोनों बुजुर्गों को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया जाएगा, जहां उनकी जांच की जाएगी। इस आंदोलन को समाप्त करवाने के लिए प्रशासन ने अगले सप्ताह चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के साथ उनकी बैठक करवाने का आश्वासन दिया है।

बैराज संघर्ष समिति के अध्यक्ष दयाल सिंह ने बताया कि शाहपुरकंडी बैराज/डैम प्रोजेक्ट के लिए उनके परिवारों की जमीनें अधिग्रहित हुए 33-34 साल का लंबा समय बीत चुका है, लेकिन आज तक सरकार या डैम प्रशासन की ओर से किसी भी सदस्य को नौकरी नहीं दी गई। इसी लेकर उन्होंने धरना दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

7. मंत्री का करीबी बताकर ठगी की

रूपनगर में माइनिंग कारोबार के नाम पर ठगी और अवैध रॉयल्टी वसूली की गई। आरोपी ने खुद को माइनिंग मंत्री बरिंदर कुमार गोयल का करीबी रिश्तेदार बताकर ठगी की। हालांकि, आधिकारिक तौर पर माइनिंग मंत्री के साथ इस आरोपी के किसी भी तरह के रिश्ते की कोई पुष्टि नहीं हुई है।

यह आरोपी लोगों को माइनिंग का बिजनेस दिलाने और रॉयल्टी के नाम पर अवैध वसूली का धंधा चला रहा था। रोपड़ के रहने वाले व्यक्ति करण खोसला ने पुलिस को शिकायत दी थी।

करण ने बताया कि आरोपी ने धमकी दी कि अगर क्रशर चलाना है तो उसे हिस्सा देना होगा। हिस्सा न देने पर पर्चा दर्ज करवाकर क्रशर सील करवाने की धमकी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. ट्रेवलिंग व्लॉगर बोला- गोल्डन टेंपल में बदसलूकी हुई

अमृतसर के गोल्डन टेंपल में रात के समय व्लॉग बनाने पहुंचे व्लॉगर के साथ सेवादारों ने बदसलूकी की। व्लॉगर युवक का आरोप है कि सेवादारों ने उसका कैमरा छीना, उसके साथ धक्कामुक्की की और हाथ मरोड़े। उसके कैमरे से वीडियो डिलीट कर दिए, जिन्हें उसने मेहनत और पैसे खर्च बनाया था।

इतना ही नहीं, व्लॉगर युवक ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर वीडियो शेयर कर यह भी आरोप लगाया है कि सेवादार उसे एक कमरे में ले गए, जहां सभी निहंगों ने उसे जबरन अपने पैरों में गिरवाया। सभी ने उसे पैर छूने को मजबूर किया।

व्लॉगर ने वीडियो में इस घटना को गोल्डन टेंपल में अपना सबसे बुरा अनुभव बताया। अंत में उसने अमृतसर आने वाले टूरिस्टों को चेताया कि गोल्डन टेंपल बहुत खूबसूरत है, लेकिन यहां के सेवादार बहुत खराब हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

9. 5वीं की छात्रा से रेप, फेसबुक पर हुई थी दोस्ती

लुधियाना में एक युवक ने 14 साल की नाबालिग से रेप कर उसे ब्लैकमेल किया। नाबालिग ने बताया कि 4-5 महीने पहले उसकी फेसबुक के जरिए भावेश कुमार से जान-पहचान हुई थी। सोशल मीडिया से शुरू हुई यह बातचीत जल्द ही फोन कॉल में बदल गई और आरोपी उसे अपनी बातों में उलझाने लगा।

पीड़िता की मां पेशे से मेकअप आर्टिस्ट हैं और अकसर काम के सिलसिले में घर से बाहर रहती है। 28 सितंबर की रात को जब मां काम पर गई हुई थी, तब आरोपी ने नाबालिग पर मिलने का दबाव बनाया।

दबाव में आकर लड़की ने उसे घर बुला लिया, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी ने बच्ची को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। डरा-धमकाकर उसके साथ रेप करता रहा। इससे वह डरी-सहमी रहने लगी। जब मां ने पूछा तो उसने सारा सच बताया। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. युवक ने फोड़ा सुतली बम, पुलिस दौड़ी

लुधियाना में युवक ने गली में सुतली बम फोड़ा और फिर भाग गया। इसका धमाका इतना तेज था कि लोहे का भारी गेट हिल गया। लोगों का कहना है कि धमाके से भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ।

सोने का काम करने वाले लालटू ने बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे से 10:15 बजे के बीच जोरदार धमाका हुआ। लोगों ने जब बाहर आकर देखा तो वहां सिर्फ धुआं था और कोई भी मौके पर नहीं मिला।

इसका CCTV फुटेज सामने आया। इसमें एक युवक पटाखे को आग लगाकर भागता हुआ नजर आ रहा है। लोगों के अनुसार, इस युवक ने एक दिन पहले भी रात को इसी तरह की शरारत की थी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कहा कि ये महज एक शरारत है। इसमें घबराने वाली बात नहीं है। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)