
बेस्ट की बस डिपो में लगी आग.
मुंबई के सायन स्थित अणिक BEST बस डिपो में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया. डिपो में खड़ी 12 नई CNG मिडी बसें आग की चपेट में आकर जल गईं. आग शाम करीब 5 बजकर 45 मिनट पर लगी. मुंबई फायर ब्रिगेड ने इसे लेवल-1 फायर कॉल घोषित किया. करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद रात 8 बजकर 20 मिनट पर आग पर पूरी तरह काबू पाया गया.
दरअसल सायन के अणिक बस डिपो में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. डिपो यार्ड में एक साथ खड़ी 12 नई AC CNG बसें आग की चपेट में आ गईं. BEST के मुताबिक, ये बसें निजी ऑपरेटर डागा ग्रुप की थीं और हमारे बेड़े में हाल ही में शामिल की जा रही नई बसों का हिस्सा थीं.
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
आग की सूचना शाम 5 बजकर 44 मिनट पर फायर ब्रिगेड को मिली और 5:54 बजे लेवल-1 फायर कॉल घोषित किया गया. मौके पर फायर ब्रिगेड की कम से कम 4 फायर इंजन और 5 वॉटर टैंकर समेत अन्य दमकल वाहन पहुंचे. आग इतनी तेज थी कि मौके से काला धुआं काफी दूर तक दिखाई दिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने धमाके जैसी आवाजें सुनाई देने का दावा किया. हालांकि, आग लगने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है और जांच की जा रही है.
आग लगने की वजह की जांच जारी
फायर ब्रिगेड के मुताबिक आग को रात 8:20 बजे पूरी तरह बुझा दिया गया. हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. फिलहाल आग लगने की वजह की जांच जारी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नई CNG बसों में आग किस वजह से लगी और आग इतनी तेजी से दूसरी बसों तक कैसे पहुंची.
बेड़े में 140 से अधिक नयी बसें शामिल
बेस्ट अधिकारियों के अनुसार, संचालक पिछले कुछ महीनों से पुराने बस बेड़े को नई बसों से बदल रहा है. अब तक बेड़े में 140 से अधिक नयी बसें शामिल की जा चुकी हैं, जबकि 50 से अधिक और बसें शामिल किए जाने की उम्मीद है. अधिकारियों ने बताया कि आग में जली 10 वाहन नयी बसों की खेप का हिस्सा थीं. अधिकारियों ने कहा कि आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों ने घटनास्थल पर धमाकों की आवाज सुनाई देने का दावा किया, जबकि दूर से भी धुएं का काला गुबार दिखाई दे रहा था.

जयप्रकाश सिंह
जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.
Read More