world-news

10वीं पास के लिए सरकारी नौकरी का मौका! कोस्ट गार्ड में निकली भर्ती, बिना नेगेटिव मार्किंग होगी परीक्षा

September 19, 2026

Time Published: Saturday, September 19, 2026, 18:37 [IST]

Indian Coast Guard Recruitment 2026: अगर आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं तो इंडियन कोस्ट गार्ड की यह भर्ती आपके लिए काम की हो सकती है। इंडियन कोस्ट गार्ड ने फोरमैन ऑफ स्टोर्स के 4 पदों पर भर्ती निकाली है। इस नौकरी में स्टोर में रखे सामान की देखभाल, उसका रिकॉर्ड रखने और सामान से जुड़े दूसरे काम करने होंगे।

इस पद पर चुने जाने वाले उम्मीदवारों को पे लेवल-6 के हिसाब से सैलरी मिलेगी। इसमें बेसिक पे 35,400 रुपये से शुरू होकर 1,12,400 रुपये तक जा सकता है। इस भर्ती की खास बात यह है कि आवेदन ऑनलाइन नहीं करना है। उम्मीदवारों को फॉर्म भरकर डाक से भेजना होगा। आवेदन भेजने की आखिरी तारीख 3 नवंबर 2026 है।

Indian Coast Guard Recruitment 2026

4 पदों पर होगी भर्ती

इंडियन कोस्ट गार्ड ने फोरमैन ऑफ स्टोर्स के कुल 4 पदों पर भर्ती निकाली है। यह भर्ती ग्रुप B, नॉन-गजटेड और नॉन-मिनिस्टीरियल पद के लिए है। कुल 4 पदों में:

  • 2 पद सामान्य यानी UR कैटेगरी के हैं।
  • 1 पद ST उम्मीदवार के लिए है।
  • 1 पद EWS उम्मीदवार के लिए है।

नौकरी मिलने के बाद पोस्टिंग कारवार, मिनिकॉय, पीपावाव या भुवनेश्वर में हो सकती है। जरूरत पड़ने पर उम्मीदवार की पोस्टिंग देश के किसी दूसरे हिस्से में भी की जा सकती है।

ये भी पढ़ें: 'UGC में बड़ी जान-पहचान है', नौकरी और PhD के नाम पर 36 लाख की ठगी, कैसे खुला फर्जी अफसर का राज?

कितनी मिलेगी सैलरी?

फोरमैन ऑफ स्टोर्स के पद पर चुने गए उम्मीदवार को पे लेवल-6 के तहत सैलरी मिलेगी। इस पे लेवल में बेसिक पे 35,400 रुपये से 1,12,400 रुपये प्रति माह तक है। इसके अलावा सरकारी नियमों के हिसाब से अलग-अलग भत्ते भी मिलेंगे। इसलिए हर कर्मचारी की कुल सैलरी अलग हो सकती है।

क्या काम करना होगा?

इस नौकरी में मुख्य काम स्टोर और उसमें रखे सामान से जुड़ा होगा। उम्मीदवार को:

  • स्टोर में रखे सामान की देखभाल करनी होगी।
  • सामान का रिकॉर्ड रखना होगा।
  • कितना सामान आया और कितना इस्तेमाल हुआ, इसका हिसाब रखना होगा।
  • स्टोर में मौजूद सामान की गिनती और जांच करनी होगी।
  • ऑडिट से जुड़े काम करने होंगे।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की उम्र 3 नवंबर 2026 को 18 से 30 साल के बीच होनी चाहिए। ST उम्मीदवारों और सरकारी कर्मचारियों को सरकारी नियमों के अनुसार उम्र में 5 साल तक की छूट मिल सकती है।

पढ़ाई कितनी होनी चाहिए?

उम्मीदवार के पास इन विषयों में से किसी एक में मास्टर डिग्री होनी चाहिए:

  • इकोनॉमिक्स
  • कॉमर्स
  • स्टैटिस्टिक्स
  • बिजनेस स्टडीज
  • पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन

इसके साथ स्टोर संभालने और स्टोर का हिसाब रखने का 1 साल का अनुभव भी होना चाहिए।

ग्रेजुएशन वालों के लिए भी मौका

अगर उम्मीदवार के पास मास्टर डिग्री नहीं है, तो संबंधित विषय में बैचलर डिग्री या मटेरियल मैनेजमेंट, वेयरहाउसिंग मैनेजमेंट, परचेजिंग, लॉजिस्टिक्स या पब्लिक प्रोक्योरमेंट में डिप्लोमा होने पर भी आवेदन किया जा सकता है। ऐसे उम्मीदवार के पास स्टोर से जुड़े काम का 2 साल का अनुभव होना चाहिए। यह अनुभव सरकारी विभाग, सरकारी संस्था, पीएसयू, यूनिवर्सिटी, बैंक या शेयर बाजार में लिस्टेड प्राइवेट कंपनी का हो सकता है।

कैसे होगा चयन?

सबसे पहले जमा किए गए फॉर्म की जांच होगी। इसके बाद सही पाए गए उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच और लिखित परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। लिखित परीक्षा में 80 सवाल होंगे और कुल 80 नंबर होंगे। पेपर हल करने के लिए 1 घंटे का समय मिलेगा।

परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगी। खास बात यह है कि इसमें नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी यानी गलत जवाब देने पर नंबर नहीं काटे जाएंगे। परीक्षा में इन विषयों से सवाल आएंगे:

  • गणित
  • रीजनिंग
  • जनरल अवेयरनेस
  • अंग्रेजी
  • प्रोफेशनल नॉलेज
  • सप्लाई चेन मैनेजमेंट

सामान्य और EWS उम्मीदवारों को पास होने के लिए कम से कम 40 नंबर चाहिए। ST उम्मीदवारों के लिए पासिंग मार्क्स 36 हैं।

19 सितंबर से शुरू हुआ आवेदन

इस भर्ती के लिए आवेदन 19 सितंबर 2026 से शुरू हो चुके हैं। आवेदन भेजने की आखिरी तारीख 3 नवंबर 2026 है। आवेदन ऑनलाइन नहीं करना है। उम्मीदवार को फॉर्म भरकर जरूरी कागजात के साथ डाक से भेजना होगा। फॉर्म के साथ इन दस्तावेजों की सेल्फ-अटेस्टेड यानी खुद साइन की हुई कॉपी लगानी होगी:

  • 10वीं की मार्कशीट
  • ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री
  • अनुभव प्रमाण पत्र
  • जाति प्रमाण पत्र, जहां लागू हो
  • पहचान पत्र
  • दो हालिया पासपोर्ट साइज फोटो

इसके साथ एक खाली लिफाफा भी देना होगा। इस लिफाफे पर उम्मीदवार का अपना पता लिखा होना चाहिए और 50 रुपये का डाक टिकट लगा होना चाहिए।

यहां भेजना होगा फॉर्म

फॉर्म और सभी जरूरी कागजात एक बड़े लिफाफे में रखकर भेजने होंगे। लिफाफे के ऊपर साफ-साफ:
"APPLICATION FOR THE POST OF FOREMAN OF STORES" लिखना होगा। इसके साथ अपनी कैटेगरी भी लिखनी होगी। आवेदन इस पते पर भेजना है:

द डायरेक्टर जनरल, फॉर पीडी (रिक्रूटमेंट),
कोस्ट गार्ड हेडक्वार्टर,
डायरेक्टोरेट ऑफ रिक्रूटमेंट,
सी-1, फेज II, इंडस्ट्रियल एरिया,
सेक्टर 62, नोएडा, उत्तर प्रदेश - 201309

स्पीड पोस्ट से न भेजें

आवेदन भेजते समय इस बात का ध्यान रखें कि फॉर्म साधारण डाक से भेजना है। स्पीड पोस्ट, कूरियर या खुद जाकर फॉर्म जमा करने का तरीका इस्तेमाल नहीं करना है। ऐसे तरीके से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

इसलिए फॉर्म भेजने से पहले सभी कागजात, फोटो और लिफाफे को अच्छी तरह जांच लें और आवेदन 3 नवंबर 2026 तक निर्धारित पते पर भेज दें।

ये भी पढ़ें: NSUI ने काटा टिकट तो निर्दलीय लड़े चुनाव, कौन हैं नंगे पैर प्रचार कर डूसू में इतिहास रचने वाले दीपांशु शौकीन?