.
आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। पटना की बांकीपुर सीट पर तेजप्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द हो गया है। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव को देवघर चारा घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट में योग गुरु बाबा रामदेव उर्फ रामकृष्ण यादव के खिलाफ परिवाद दायर किया गया है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. तेजप्रताप की कैंडिडेट वीणा का नॉमिनेशन रद्द
पटना की बांकीपुर सीट पर तेजप्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द हो गया है। सोमवार को नामांकन दाखिल करने के बाद पटना पुलिस ने उन्हें धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में गिरफ्तार किया था। हालांकि, बाद में उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई। वीणा मानवी के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी प्रिय किन्नर समेत 10 उम्मीदवारों का नामांकन भी रद्द कर दिया गया है। जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार का नामांकन रद्द होने की जानकारी मिलते ही तेजप्रताप यादव पटना कलेक्ट्रेट पहुंच गए। पूरी खबर पढ़ें

2. चारा घाटाला मामले में राजद सुप्रीमो को राहत
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव को देवघर चारा घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड सरकार की उस याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया, जिसमें झारखंड हाईकोर्ट की ओर से लालू यादव की सजा निलंबित किए जाने के आदेश को चुनौती दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद फिलहाल लालू यादव को मिली राहत बरकरार रहेगी। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने कहा कि झारखंड हाईकोर्ट का यह आदेश करीब 7 साल पुराना है। पूरी खबर पढ़ें
3. सरकार के दावे पर बाहुबली विधायक ने खड़े किए सवाल
अपने अंदाज और बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अनंत सिंह ने बिहार सरकार के खजाने और नीतीश कुमार के खास कहे जाने वाले छोटू सिंह को जदयू से निकाले जाने पर प्रतिक्रिया दी है। बिहार सरकार के मुखिया सम्राट चौधरी एक तरफ दावा कर रहे हैं कि सरकार के पास फंड की कमी नहीं है। विपक्षी खजाने खाली होने का झूठ बोल रहे हैं। वहीं मोकामा से जदयू के विधायक और बाहुबली अनंत सिंह का कहना है कि नई सरकार बनने के बाद जनता का काम नहीं हो पा रहा है। पूरी खबर पढ़ें
4. 'भरत को गोली मारने वाले पुलिसवालों को फांसी हो'
भोजपुर के बिलौटी गांव में 17 जून को हुए भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच जारी है। मंगलवार को ग्रामीण ललिता देवी और भरत तिवारी के भाई चंदन न्यायिक जांच आयोग कार्यालय पहुंचे। जहां आयोग के अध्यक्ष हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा के सामने अपना पक्ष रखा। भाई चंदन ने कहा है कि मैंने जज को बताया है कि सरेंडर करने के बाद भी पुलिस ने मेरे भाई भरत को गोली मार दी। मैंने कहा है कि जल्द से पुलिस वालों को गिरफ्तार करके उन्हें फांसी दी जाए। अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पूरी खबर पढ़ें

5. बाबा रामदेव के खिलाफ परिवाद दायर
योग गुरु बाबा रामदेव उर्फ रामकृष्ण यादव के खिलाफ मुजफ्फरपुर व्यवहार न्यायालय में एक परिवाद दायर किया गया है। यह परिवाद हक-ए-हिंदुस्तान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तमन्ना हाशमी ने दायर किया है। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि 13 जुलाई 2026 की रात बाबा रामदेव का एक बयान टीवी पर प्रसारित हुआ था। इस बयान में उन्होंने कहा था कि मुसलमानों का मूल भी हिंदुओं से है और सबका बाप एक है। परिवादी तमन्ना हाशमी का आरोप है कि इस बयान से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में धार्मिक उन्माद फैलने की आशंका है। पूरी खबर पढ़ें
6. अमेरिका-ईरान जंग में गोपालगंज के युवक की मौत
गोपालगंज के युवक की अमेरिका-ईरान जंग के दौरान हुए हमले में मौत हो गई। मृतक की पहचान थावे बाजार के शू कारोबारी संजय गुप्ता के बेटे सोनू कुमार (30) के रूप में हुई है। सोनू गुप्ता मैकेनिकल इंजीनियर थे। वह पिछले 6 सालों से दुबई में एक कंपनी में काम कर रहे थे। उन्होंने कोलकाता से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद 2020 में दुबई स्थित स्कॉर्पियो कंपनी में नौकरी शुरू की थी। बाद में वे अबू धाबी की प्रतिष्ठित ऊर्जा कंपनी अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) जॉइन कर लिया। सोनू गुप्ता के साथ हुए हादसे की जानकारी कंपनी के CMD की ओर से उनके परिजनों को दी गई। पूरी खबर पढ़ें
7. ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 3 महिलाओं की मौत, 24 घायल
अररिया में मंगलवार सुबह ब्रेक फेल होने से मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पानी भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई जबकि 24 मजदूर घायल हो गए। ट्रैक्टर ट्रॉली में कुल 27 मजदूर सवार थे, जिनमें ज्यादातर महिलाएं थीं। सभी धान की रोपनी के लिए जा रहे थे। हादसा भरगामा प्रखंड के सिरसिया हनुमानगंज वार्ड संख्या-14 में हुआ। मृतक महिलाओं की पहचान मीरा देवी, नैना देवी और रंजू देवी के रूप में हुई है। सभी मृतकों की उम्र 35 से 40 साल के बीच थी। पूरी खबर पढ़ें
8. बंटी मर्डर केस में 2 आरोपी गिरफ्तार, सरगना फरार
पटना में 6 जुलाई को हुए बंटी यादव अपहरण और हत्या मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौशन कुमार और अजीत कुमार साहनी के रूप में हुई है। सेंट्रल SP ममता कल्याणी ने बताया कि रौशन और अजीत अन्य आरोपियों के साथ वारदात में शामिल थे। दोनों की गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से 3 मोबाइल फोन और 28 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस अब तक रोहित, बजरंगी और ऑटो चालक रवि उर्फ चंदू को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी रवीश रवीश कुमार उर्फ बीसी अब भी फरार है। पूरी खबर पढ़ें

9. थाने के सामने पत्नी ने पति चप्पल से कर दी पिटाई
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर थाना के बाहर पति-पत्नी और साले के बीच मारपीट हो गई। जिसका वीडियो भी सामने आया है। देखा जा सकता है कि महिला अपने पति को चप्पल से पीटती नजर आ रही है। दोनों पक्षों से धक्का-मुक्की हो रही। घूंसे भी चल रहे हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से पारिवारिक विवाद चल रहा है और मामला फैमिली कोर्ट में विचाराधीन है। इसी विवाद को लेकर सोमवार को मोतीपुर थाना के सामने दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद विवाद मारपीट में बदल गया। पूरी खबर पढ़ें
10. कल मौसम रहेगा सामान्य, उमस से राहत नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मानसून कमजोर हो गया। इससे बारिश की ज्यादा संभावना नहीं है। कल पूरे बिहार में मौसम सामान्य बना रहेगा। लोगों को उमस भरी गर्मी महसूस होगी। हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र ने अररिया और किशनगंज में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।