मोमोज खाना सबको पसंद है, लेकिन मैदे की वजह से कई लोग इससे परहेज करते हैं। अब आप बिना मैदे के ताजे पत्ता गोभी से हेल्दी, टेस्टी और लो-कैलोरी मोमो आसानी से घर पर बना सकते हैं।
Patta Gobhi Momos : शाम होते ही मोमोज की दुकानों पर भीड़ लग जाती है। बच्चे हों या बड़े, हर कोई इसके चटपटे स्वाद का दीवाना है। लेकिन रोज-रोज मैदे वाले मोमोज खाना पाचन और सेहत के लिए बिल्कुल ठीक नहीं है।
अगर आप भी मोमो लवर हैं पर मैदे की वजह से खुद को रोक लेते हैं, तो आपको निराश होने की जरूरत नहीं है। आप घर पर ही बहुत आसानी से पत्ता गोभी रैप मोमो तैयार कर सकते हैं।
इसमें बाहर की परत मैदे या सूजी से नहीं, बल्कि ताजे पत्ता गोभी के पत्तों से बनती है। यह खाने में बिल्कुल हल्का, स्वादिष्ट और आपकी डाइट के लिए एकदम सुरक्षित है। फाइबर से भरपूर होने के कारण इससे पेट भी भरता है और भारीपन भी महसूस नहीं होता।
जरूरी सामग्री की लिस्ट
- रैप के लिए: 1 मीडियम साइज की ताजी पत्ता गोभी और आधा चम्मच नमक।
- स्टफिंग के लिए: बारीक कटी गाजर, पत्ता गोभी और शिमला मिर्च (आधा-आधा कप), बारीक कटा प्याज (एक चौथाई कप)
- मसाले और सॉस: 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, 1 कटी हरी मिर्च, 1 चम्मच सोया सॉस, 1 चम्मच चिली सॉस
- अन्य: आधा चम्मच काली मिर्च, स्वादानुसार नमक, 1 चम्मच तेल और आधा चम्मच नींबू का रस।
बनाने का आसान तरीका
पत्ते तैयार करें
सबसे पहले पत्ता गोभी के बड़े और साफ पत्ते सावधानी से निकाल लें। एक बड़े बर्तन में पानी उबालें और उसमें हल्का नमक डालें। इन पत्तों को 10-15 सेकंड के लिए उबलते पानी में डुबोएं।
इसके तुरंत बाद पत्तों को निकालकर ठंडे पानी में डाल दें। ऐसा करने से पत्ते मुलायम हो जाएंगे और मोमो फोल्ड करते समय बीच से टूटेंगे नहीं।
चटपटी स्टफिंग बनाएं
एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट और प्याज डालकर हल्का भून लें। अब इसमें गाजर, पत्ता गोभी और शिमला मिर्च डाल दें।
सब्जियों को 2 से 3 मिनट तक तेज आंच पर पकाएं। ध्यान रखें कि सब्जियां ज्यादा गलनी नहीं चाहिए, खाते समय उनका क्रंच आना चाहिए।
अब इसमें नमक, काली मिर्च, सोया सॉस और चिली सॉस मिलाएं। गैस बंद करके नींबू का रस डाल दें।
मोमो को शेप दें
उबाले हुए पत्ता गोभी के पत्ते लें। अगर नीचे का डंठल ज्यादा मोटा है, तो उसे चाकू से हल्का सा काटकर पतला कर लें।
अब पत्ते के बीच में एक चम्मच स्टफिंग रखें। इसे मोमो की तरह या फिर स्प्रिंग रोल की तरह अच्छी तरह से कसकर फोल्ड कर लें। इसी तरह सारे पीस तैयार कर लें।
स्टीम करने का तरीका
स्टीमर में पानी गर्म करें। तैयार किए गए मोमो को स्टीमर प्लेट पर रखें और 10 से 12 मिनट तक मीडियम आंच पर पकने दें।
जब पत्ते हल्के पारदर्शी (ट्रांसपेरेंट) दिखने लगें और स्टफिंग अच्छे से सेट हो जाए, तो समझ लें कि आपके हेल्दी मोमो तैयार हैं।
इन्हें तीखी लाल चटनी या गार्लिक डिप के साथ गरमागरम परोसें।