Aug 10, 2026 10:05 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
मुख्य बातें
- चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून के बीच इस कंपनी का मुनाफा 37 प्रतिशत बढ़कर 221.88 करोड़ रुपये हो गया
- पीसी ज्वेलर लिमिटेड ने कहा है कि वह चालू तिमाही यानी सितंबर तक कर्ज-मुक्त हो जाएगी

पीसी ज्वेलर के शेयर पर निवेशकों की रहेगी नजर
पीसी ज्वेलर लिमिटेड ने जून तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून के बीच इस कंपनी का मुनाफा 37 प्रतिशत बढ़कर 221.88 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की इसी अवधि में कंपनी का मुनाफा 161.93 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा है कि आमदनी बढ़ने से उसका मुनाफा बढ़ा है। इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 879.27 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में 807.88 करोड़ रुपये थी।
तिमाही में कर्ज मुक्त हो जाएगी कंपनी
इसके साथ ही कंपनी ने कहा है कि वह चालू तिमाही यानी सितंबर तक कर्ज-मुक्त हो जाएगी। पीसी ज्वेलर ने कहा कि कंपनी ने कर्ज कम करने की अपनी यात्रा में काफी प्रगति की है। इसने अब तक गठजोड़ में शामिल 14 बैंकों में से सात का कर्ज पूरी तरह चुका दिया है।
इसके अलावा, नियामकीय सूचना में कहा गया है कि कंपनी ने बाकी सात बैंकों के बकाया कर्ज का भी 96 प्रतिशत से अधिक हिस्सा चुका दिया है। कंपनी ने जून 2026 को समाप्त तिमाही के दौरान पूरी तरह से परिवर्तीय वॉरंट के प्रेफेंशियल इश्यू के जरिये 2,702.11 करोड़ रुपये जुटाए।
शेयर का परफॉर्मेंस
पीसी ज्वेलर लिमिटेड के शेयर की बात करें तो तेजी के साथ 9.82 रुपये पर रहा। यह शेयर 15.38 रुपये तक जा चुका है, जो इसके 52 हफ्ते का हाई भी है। शेयर के 52 हफ्ते का लो 7.45 रुपये है। अब मंगलवार को कंपनी के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी।
शेयर पर एक्सपर्ट का क्या कहना है?
बीते दिनों ग्लोब कैपिटल मार्केट में रिसर्च के AVP, विपिन कुमार ने बताया था कि एक साल से भी कम समय में ₹19.50 से ₹7.50 तक की भारी गिरावट के बाद PC ज्वेलर के शेयर में ठहराव के संकेत दिख रहे हैं। कुमार ने तब अनुमान लगाया था कि आगे चलकर शेयर ₹11.40 के ऊपर निर्णायक रूप से बंद होने पर निकट भविष्य में ₹15 से ₹16 के स्तर तक जा सकता है। इसके अलावा, AT रिसर्च एंड रिस्क मैनेजर्स के फाउंडर और एनालिस्ट आदित्य ठुकराल ने कहा था कि शॉर्टटर्म अपट्रेंड के बावजूद स्टॉक इस स्तर को पार नहीं कर पाया है। ठुकराल ने सलाह दी थी कि निवेशकों को स्टॉक को गिरावट पर या ₹9 से नीचे स्टॉप लॉस के साथ खरीदा जा सकता है।
बता दें कि पीसी ज्वेलर देश की प्रमुख आभूषण विक्रेता कंपनियों में से एक है। इसके 12 राज्यों में लगभग 50 स्टोर हैं।
