फतेहाबाद के जाखल खंड के गांव तलवाड़ा की लाइट बंद होने से किसानों ने जाखल बिजली घर पर प्रदर्शन किया।
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के बीच फतेहाबाद जिले के जाखल खंड के गांव तलवाड़ा में गुरुवार को करीब 10 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहने से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह 10 बजे बंद हुई बिजली शाम 6 बजे तक बहाल नहीं होने पर किसान जाखल स्थित 132 केवी बिजली
.
इस दौरान किसानों और जाखल थाना प्रभारी के बीच तीखी नोकझोंक होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। करीब दो घंटे चले विरोध के बाद रात 8 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई, जिसके बाद किसान शांत होकर घर लौट गए।

फतेहाबाद के जाखल खंड के गांव तलवाड़ा की लाइट बंद होने से किसानों ने जाखल बिजली घर पर प्रदर्शन किया।
शाम तक बिजली नहीं आने पर सब स्टेशन पहुंचे किसान
जानकारी के अनुसार, गांव तलवाड़ा में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी। किसानों को उम्मीद थी कि जल्द ही बिजली बहाल हो जाएगी, लेकिन शाम 6 बजे तक आपूर्ति शुरू नहीं हुई। इससे परेशान किसान एकजुट होकर जाखल के 132 केवी बिजली सब स्टेशन पहुंच गए और विद्युत निगम व प्रशासन के समक्ष अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के दौरान किसानों की संख्या बढ़ने के साथ ही मौके पर तनाव भी बढ़ता गया।

प्रदर्शनकारी किसानों से बात करते पुलिस अधिकारी।
भेदभाव का आरोप, थाना प्रभारी से हुई तीखी बहस
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आरोप लगाया कि उनके गांव की बिजली जानबूझकर बंद रखी जा रही है और उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। इसी मुद्दे पर बातचीत के दौरान किसानों और जाखल थाना प्रभारी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से बिजली व्यवस्था संभालने के लिए तैनात कर्मचारियों में से एक कर्मचारी को मौके पर बुलाया गया। बताया गया कि संबंधित कर्मचारी की ड्यूटी जाखल खंड के म्योंद कलां क्षेत्र में लगाई गई थी।

किसानों से बात करते पुलिस अधिकारी।
कर्मचारी के पहुंचने के बाद बहाल हुई बिजली
कर्मचारी के सब स्टेशन पहुंचने के बाद करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत में गांव तलवाड़ा की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। रात करीब 8 बजे बिजली आते ही किसानों का विरोध समाप्त हो गया और वे अपने घर लौट गए।
वैकल्पिक व्यवस्था के बावजूद लंबे समय तक बाधित रही आपूर्ति
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल को देखते हुए प्रशासन ने बिजली आपूर्ति सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है। इसके बावजूद तलवाड़ा में करीब 10 घंटे तक बिजली गुल रहने और किसानों को आपूर्ति बहाल करवाने के लिए सब स्टेशन पहुंचकर विरोध करने की नौबत आने से व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। किसानों का कहना है कि लंबे समय तक बिजली नहीं मिलने के कारण उन्हें बेवजह परेशानी झेलनी पड़ी।