- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Lakhimpur kheri
- Lakhimpur Kheri Road Accident | Samajwadi Party Financial Aid Support
गोपाल गिरि | लखीमपुर-खीरी9 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

लखीमपुर खीरी। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एनएच-719 पर 18 अगस्त को हुए सड़क हादसे में मोहम्मदी क्षेत्र के आठ मजदूरों की मौत और 15 से अधिक लोगों के घायल होने के बाद समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये और घायलों को दस-दस हजार रुपये की सहायता राशि दी गई।
मोहनलालगंज सांसद आरके चौधरी और धौरहरा सांसद आनंद भदौरिया ने क्षेत्र में पहुंचकर मृतकों के परिजनों और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने सहायता राशि के चेक वितरित किए। सपा नेताओं के मुताबिक, सरकारी सहायता पहुंचने से पहले पार्टी की ओर से पीड़ितों तक मदद पहुंचाई गई।
देखें, 3 तस्वीरें…



आनंद भदौरिया ने जानकारी दी कि मोहम्मदी क्षेत्र के मजदूर मध्य प्रदेश में धान की रोपाई का काम करने गए थे। काम पूरा होने के बाद पिकअप वाहन से लौटते समय भिंड में यह हादसा हुआ। उन्होंने पसगवां के निजी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और पसगवां, किशनपुर अजीत, हरनारायनपुर व बेला तुरसिया सहित विभिन्न गांवों में पीड़ित परिवारों को सहायता प्रदान की।
हादसे में उपदेश भार्गव, अमर सिंह भार्गव, सुखदेव भार्गव, रजनीश भार्गव, भूरे लाल भार्गव, गुड्डू भार्गव, सुभाष भार्गव और सर्वेश कुमार राठौर की मृत्यु हुई थी। सभी आठ मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये के चेक दिए गए। वहीं, 15 घायलों को दस-दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

सांसद आरके चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर न होने के कारण मजदूरों को रोजी-रोटी के लिए दूसरे प्रदेशों में जाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि मजदूरों को जान जोखिम में डालकर बाहर न जाना पड़े।
समाजवादी पार्टी ने सरकार से मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये और घायलों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता देने की मांग की। पार्टी ने कृषक दुर्घटना बीमा योजना का लाभ दिलाने की भी अपील की। जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव ने घायलों का इलाज सरकार द्वारा कराने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि कई घायल अपने खर्च पर इलाज कराने को मजबूर हैं।
.