
सिम कार्ड खराब या बंद हो जाए तो क्या ऐप
WhatsApp without SIM: आजकल व्हाट्सएप हमारी जिंदगी का एक बहुत अहम हिस्सा बन गया है. ऑफिस के जरूरी काम से लेकर परिवार वालों से बातचीत करने तक, हर जगह इसी मैसेजिंग ऐप का इस्तेमाल होता है. कई बार ऐसा होता है कि हम अपना मोबाइल नंबर बदल लेते हैं, सिम डैमेज हो जाती है या फिर नेटवर्क न होने की वजह से पुरानी सिम को बंद करना पड़ता है. ऐसे हालात में ज्यादातर लोगों के मन में एक ही सवाल उठता है कि अगर सिम कार्ड बंद हो जाए तो फोन में मौजूद व्हाट्सएप कितने दिन तक चलेगा. कुछ लोगों को लगता है कि सिम के डैमेज होते ही उनका अकाउंट भी तुरंत काम करना बंद कर देगा. आज हम आपकी इसी कंफ्यूजन को दूर करेंगे.
बिना सिम के ऐसे चलता है ऐप
आपको बता दें कि व्हाट्सएप अकाउंट का आपकी सिम कार्ड से कोई सीधा कनेक्शन नहीं होता है. आपका अकाउंट सिर्फ उस खास फोन नंबर से रजिस्टर होता है. इस ऐप को चलाने के लिए मुख्य रूप से इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत होती है. अगर आपकी सिम किसी कारण से बंद भी हो गई है लेकिन आपके फोन में वाई-फाई या किसी दूसरी चालू सिम का इंटरनेट मौजूद है, तो आपका अकाउंट आमतौर पर काम करता रहेगा. आप पहले की तरह ही अपने दोस्तों को मैसेज भेज सकते हैं, रिसीव कर सकते हैं, कॉल कर सकते हैं. इसके अलावा ऐप के बाकी तमाम फीचर्स का इस्तेमाल भी बिना किसी परेशानी के किया जा सकता है.
अकाउंट बंद होने की कोई तय सीमा नहीं
अक्सर लोगों को लगता है कि सिम बंद होने के ठीक 30, 60 या 90 दिन बाद उनका व्हाट्सएप अकाउंट अपने आप सिस्टम से बंद हो जाएगा. आपको बता दें कि कंपनी की तरफ से ऐसा कोई नॉर्मल नियम नहीं बनाया गया है. सिम बंद होने के बाद अकाउंट डिलीट होने की कोई भी तय समय सीमा नहीं है. जब तक आपका अकाउंट एक्टिव है, आप इंटरनेट के जरिए इसका इस्तेमाल कर रहे हैं, तब तक ये ऐप बिना किसी रुकावट के काम कर सकता है. हालांकि अगर आप बहुत लंबे समय तक ऐप को खोलते ही नहीं हैं, तब व्हाट्सएप की इनएक्टिव अकाउंट पॉलिसी जरूर लागू हो सकती है.
दोबारा वेरिफिकेशन के वक्त आती है दिक्कत
असली परेशानी तब शुरू होती है जब आपको किसी वजह से अपना व्हाट्सएप दोबारा वेरिफाई करने की जरूरत पड़े. मान लीजिए आपने अपना स्मार्टफोन बदल लिया है या फिर अकाउंट से जुड़ी किसी दिक्कत की वजह से आपको ऐप दोबारा इंस्टॉल करना पड़ा है. ऐसे में लॉगिन करते समय फोन नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाता है. अगर आपकी सिम बंद है, तो आपको वो वेरिफिकेशन कोड किसी भी हाल में नहीं मिल पाएगा. एसएमएस या कॉल के जरिए आने वाला कोड न मिलने की वजह से आप अपने ही अकाउंट में लॉगिन नहीं कर पाएंगे. इस कंडिशन में उस नंबर का एक्टिव होना बहुत जरूरी हो जाता है.
नंबर किसी दूसरे शख्स को मिलने का खतरा
सिम बंद होने पर एक और बड़ा रिस्क हमेशा बना रहता है. अगर आपने अपना पुराना नंबर पूरी तरह से बंद करा दिया है, तो कुछ समय बाद टेलीकॉम कंपनियां वही नंबर किसी दूसरे व्यक्ति को जारी कर देती हैं. ये कंडिशन आपके लिए काफी भारी पड़ सकती है. नया नंबर खरीदने वाला शख्स उस नंबर से व्हाट्सएप पर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकता है. इसलिए अगर आप अपना मोबाइल नंबर हमेशा के लिए बदल रहे हैं, तो ऐप के अंदर मौजूद ‘Change Number’ फीचर का इस्तेमाल करना सबसे बेहतर कदम रहता है. इसकी मदद से आपके अकाउंट को नए नंबर पर सुरक्षित तरीके से ट्रांसफर करने में मदद मिलती है.

विभव शुक्ला
विभव शुक्ला वर्तमान में TV9 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर बिजनेस डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता में उन्हें छह वर्षों का अनुभव है. विभव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी. इसके बाद वह Inshorts और गुजरात फर्स्ट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े रहे हैं.
Read More