technology

असली समझकर कहीं आपने भी तो डाउनलोड नहीं किया फर्जी WhatsApp? 5 लाख लोग कर चुके हैं ये गलती, ऐसे बचें

October 18, 2026

असली समझकर कहीं आपने भी तो डाउनलोड नहीं किया फर्जी WhatsApp? 5 लाख लोग कर चुके हैं ये गलती, ऐसे बचें

असली समझकर कहीं आपने भी तो डाउनलोड नहीं किया फर्जी WhatsApp? 5 लाख लोग कर चुके हैं ये गलती, ऐसे बचें

WhatsApp इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. Google Play Store पर WhatsApp Messenger के नाम से एक ऐसा थर्ड-पार्टी ऐप मिला, जिसे 5 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किए जाने की जानकारी सामने आई है. चिंता की बात यह है कि यह ऐप सर्च करने पर आधिकारिक WhatsApp ऐप के ऊपर स्पॉन्सर्ड लिस्टिंग के रूप में दिखाई दे रहा था. ऐसे में जल्दबाजी में ऐप डाउनलोड करने वाले लोग धोखा खा सकते हैं.

Reddit पर एक यूजर ने सबसे पहले इस ऐप की ओर ध्यान दिलाया. इसके बाद Android Authority और The Verge ने भी इस मामले को लेकर रिपोर्ट प्रकाशित की. The Verge की 16 अक्टूबर की रिपोर्ट के मुताबिक, उस समय यह ऐप Google Play Store पर मौजूद था. हालांकि, मामले को लेकर Google की ओर से तत्काल कोई जवाब नहीं आया था.

WhatsApp के नाम पर कैसे लिस्ट हुआ फर्जी ऐप?

रिपोर्ट के मुताबिक, संदिग्ध ऐप Google Play Store पर WhatsApp Messenger नाम से मौजूद था. इसे Agment Assets sallu नाम के डेवलपर ने पब्लिश किया था. रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि इस डेवलपर के नाम से कोई दूसरा ऐप लिस्टेड नहीं मिला. यूजर्स को भ्रमित करने के लिए इस ऐप में आधिकारिक WhatsApp से मिलते-जुलते आइकन, स्क्रीनशॉट और डिस्क्रिप्शन का इस्तेमाल किया गया था. यही वजह है कि केवल नाम और लोगो देखकर असली ऐप की पहचान करना मुश्किल हो सकता है.

दूसरी तरफ, WhatsApp के आधिकारिक ऐप को WhatsApp LLC ने पब्लिश किया है. The Verge की रिपोर्ट के अनुसार, आधिकारिक ऐप के डाउनलोड 10 अरब से ज्यादा हैं. इसे Google Play Store पर Editors Choice बैज भी मिला हुआ है और इसके 24.6 करोड़ से ज्यादा रिव्यू दर्ज हैं. Android Authority ने यह संभावना भी जताई कि संदिग्ध ऐप Google Play Store के अर्ली एक्सेस प्रोग्राम का इस्तेमाल कर रहा हो सकता है. अगर ऐसा था, तो ऐप पर सार्वजनिक रिव्यू कम दिखाई देने के कारण यूजर्स को दूसरे लोगों की चेतावनियां देखने के मौके भी कम मिले होंगे.

Google Play Store पर असली ऐप की पहचान कैसे करें?

किसी भी ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसके डेवलपर का नाम जरूर जांचें. WhatsApp Messenger के मामले में आधिकारिक डेवलपर WhatsApp LLC होना चाहिए. इसके अलावा ऐप के डाउनलोड, रिव्यू और अन्य जानकारी पर भी ध्यान दें.

सिर्फ इसलिए किसी ऐप को सुरक्षित न मानें कि वह सर्च रिजल्ट में सबसे ऊपर दिखाई दे रहा है. स्पॉन्सर्ड लिस्टिंग का मतलब यह नहीं है कि ऐप आधिकारिक है. इसलिए ऐप के नाम, आइकन और विज्ञापन में ऊपर दिखाई देने के आधार पर उसे इंस्टॉल करने से बचें.

अगर फर्जी WhatsApp डाउनलोड कर लिया है तो क्या करें?

अगर आपको लगता है कि आपने संदिग्ध WhatsApp ऐप इंस्टॉल किया है, तो उसे फोन से हटा दें. इसके बाद फोन की सेटिंग में जाकर जांचें कि उस ऐप को कौन-कौन सी परमिशन दी गई थीं. जरूरत के मुताबिक इन परमिशन को हटाएं और फोन की सुरक्षा भी जांचें.

अगर आपने उस ऐप में अपने अकाउंट की जानकारी या WhatsApp वेरिफिकेशन कोड दर्ज किया है, तो अपने अकाउंट को सुरक्षित करने के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाएं. अपने WhatsApp अकाउंट में लॉगिन और सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों पर भी नजर रखें. सबसे जरूरी बात, WhatsApp का रजिस्ट्रेशन कोड किसी के साथ साझा न करें. यह मामला बताता है कि आधिकारिक ऐप स्टोर पर मौजूद हर ऐप भरोसेमंद नहीं होता. इसलिए कोई भी ऐप डाउनलोड करने से पहले उसके डेवलपर और दूसरी जानकारियों की चेक करना बेहद जरूरी है.

यह भी पढ़ें- गर्मी से बचने के लिए AC चलाना पड़ रहा है महंगा! बिजली बिल का बोझ घटाने के लिए कंपनियां तलाश रहीं नए तरीके

बार-बार फोन चार्ज करने की टेंशन होगी कम! Tecno Spark 50s 5G भारत में लॉन्च, मिलेंगे दमदार फीचर्स

आयुषी चतुर्वेदी

आयुषी चतुर्वेदी

आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.

Read More

google button