WhatsApp यूजर्स के लिए एक बड़ा बदलाव सामने आया है. WhatsApp ऐसे Android और iOS डिवाइस पर लॉगिन रोकने की तैयारी कर रहा है, जिनमें ऑपरेटिंग सिस्टम का पुराना वर्जन चल रहा है. कंपनी इस कदम के जरिए यूजर्स को अपने फोन का सॉफ्टवेयर अपडेट रखने के लिए प्रोत्साहित करना चाहती है. फिलहाल इस फीचर की टेस्टिंग सीमित संख्या में यूजर्स के साथ की जा रही है.
WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ Android और iPhone यूजर्स को WhatsApp पर लॉगिन करते समय एक नया स्क्रीन मैसेज दिखाई दे रहा है. इसमें यूजर्स से पहले अपने फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट करने के लिए कहा जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, यूजर्स को फोन की सेटिंग्स में जाकर उपलब्ध लेटेस्ट सॉफ्टवेयर अपडेट इंस्टॉल करना होगा. इसके बाद ही वे WhatsApp का इस्तेमाल कर पाएंगे. यानी यूजर इस मैसेज को नजरअंदाज करके सीधे WhatsApp में लॉगिन नहीं कर सकेंगे.
क्या डाउनलोड करना होगा नया वर्जन?
खास बात यह है कि इसके लिए जरूरी नहीं है कि यूजर WhatsApp का नया वर्जन डाउनलोड करे. बताया जा रहा है कि यह बदलाव सर्वर की तरफ से किया जा रहा है. इसलिए कंपनी किसी यूजर के अकाउंट पर यह सुविधा लागू करती है तो WhatsApp को अपडेट किए बिना भी उसे यह स्क्रीन दिखाई दे सकती है. हालांकि, WhatsApp ने अभी यह साफ नहीं किया है कि Android और iOS के किन खास वर्जन पर लॉगिन ब्लॉक किया जाएगा. यह फीचर फिलहाल कुछ चुनिंदा अकाउंट्स पर ही दिखाई दे रहा है.
पुराने सॉफ्टवेयर से सुरक्षा का खतरा
इस बदलाव के पीछे सबसे बड़ी वजह डिवाइस की सेफ्टी बताई जा रही है. पुराने Android और iOS वर्जन में नए सुरक्षा अपडेट और सिक्योरिटी पैच नहीं होते. ऐसे में पुराने सॉफ्टवेयर वाले फोन पहले से सामने आ चुके सुरक्षा खतरों के प्रति ज्यादा संवेदनशील हो सकते हैं. WhatsApp यूजर्स से फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट करवाकर यह तय करना चाहता है कि ऐप इस्तेमाल करने वाले डिवाइस में जरूरी सुरक्षा सुधार मौजूद हों.
ये भी पढ़ें- आधी कीमत में मिल रहे लैपटॉप, फेस्टिव सीजन सेल में आया 50% से ज्यादा डिस्काउंट

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More