वायरल न्यूज़
- Authored by: कौशलेंद्र पाठक
- Updated Aug 7, 2026, 10:55 AM IST
Viral Video: राजस्थान के केकड़ी जिले स्थित भवानी गांव में आजादी के 77 साल बाद पहली बार राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की रोडवेज बस सेवा शुरू हुई। गांव में बस का स्वागत किसी बड़े त्यौहार की तरह हुआ।
![]()
गांव में पहली बार पहुंची बस (तस्वीर साभार-@foofaji)
Viral Video: जब किसी शहर या कस्बे में नई मेट्रो चलती है या चमचमाती लग्जरी बसें आती हैं, तो लोग शायद एक नजर देखकर आगे बढ़ जाते हैं। लेकिन सोचिए, क्या आपने कभी सिर्फ एक 'सरकारी बस' को आते देख पूरे गांव को जश्न मनाते देखा है? जाहिर सी बात है आपका जवाब ना ही होगा। लेकिन, सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही बेहद इमोशनल और वायरल वीडियो (Today Viral Video) धमाल मचा रहा है। जहां एक गांव में 77 साल के बाद बस पहुंची है।
मामला राजस्थान के केकड़ी जिले के छोटे से भवानी गांव का है। वीडियो की शुरुआत में दिखता है कि गांव की पतली सड़क के दोनों ओर हर उम्र के लोग जमा हैं। बच्चे उत्सुकता से आगे झुक रहे हैं, साफा बांधे बुजुर्ग छड़ी के सहारे टिके हैं और युवा अपने स्मार्टफोन थामे इंतजार कर रहे हैं। पहली नजर में लगता है जैसे कोई बड़ा नेता, वीआईपी या कोई बॉलीवुड स्टार आने वाला है। लेकिन जैसे ही मोड़ से नीले-सफेद रंग की राजस्थान रोडवेज की एक साधारण बस दाखिल होती है, पूरे गांव का चेहरा खुशी से चमक उठता है। बताया जा रहा है कि 1947 में देश की आजादी के बाद से अब तक इस गांव में सीधे कोई नियमित सरकारी रोडवेज बस नहीं पहुंची थी। दशकों से यहां के लोगों को इलाज, पढ़ाई या काम के सिलसिले में शहर जाने के लिए मीलों पैदल चलना पड़ता था या निजी वाहनों के भरोसे रहना पड़ता था। देखें वीडियो...
गांव में जश्न का माहौल
जब पहली बार राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बस गांव की सीमा में पहुंची, तो गांव वालों ने इसे किसी राष्ट्रीय पर्व से कम नहीं माना। बस को फूलों के हार से सजाया गया और ड्राइवर-कंडक्टर का स्वागत किसी नायक की तरह किया गया। सोशल मीडिया पर शेयर होते ही यह वीडियो वायरल हो गया। वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं। इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को foofaji नाम के पेज से शेयर किया गया है। इतना ही नहीं वीडियो पर लोग तरह-तरह के रिएक्शन भी दे रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि यह वीडियो भारत के असली गांवों की सादगी और मासूमियत को दर्शाता है, जहां एक बुनियादी सुविधा भी इतनी बड़ी खुशी ले आती है।
![]()
कौशलेंद्र पाठकauthor
कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।
और पढ़ें
- Hindi News
- Viral
End of Article