world-news

Viral Video: बस 2 सेकंड की दूरी पर थी मौत, गेटकीपर ने दौड़कर बचा ली शख्स की जान

July 11, 2026

Image

रेलवे गेटकीपर ने शख्स की जान बचाई (Image credit- X/@gharkekalesh, AI Generated Image)

Viral Video: सोशल मीडिया पर हर दिन कई तरह के वीडियो वायरल होते हैं। कुछ वीडियो लोगों का मनोरंजन करते हैं, तो कुछ ऐसे होते हैं जिन्हें देखकर दिल की धड़कनें तेज हो जाती हैं। इन दिनों एक ऐसा ही सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक रेलवे गेटकीपर ने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से एक व्यक्ति की जान बचा ली। लोग इस गेटकीपर को सोशल मीडिया पर 'असली हीरो' बता रहे हैं।

फाटक बंद था, फिर भी पटरी पर पहुंच गया शख्स

बताया जा रहा है कि यह घटना तमिलनाडु के मयिलादुथुराई जिले के सिरकाझी के पास स्थित अरसूर रेलवे लेवल क्रॉसिंग की है। उस समय मयिलादुथुराई-विलुपुरम एमईएमयू पैसेंजर ट्रेन तेज रफ्तार से रेलवे फाटक की ओर आ रही थी। नियमों के मुताबिक फाटक पहले ही बंद कर दिया गया था, ताकि कोई भी व्यक्ति या वाहन ट्रैक पार न कर सके लेकिन तभी एक व्यक्ति बंद फाटक के बावजूद रेलवे ट्रैक पार करने लगा।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

गेटकीपर की फुर्ती से बची शख्स की जान

वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि वह पटरी पर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन भी बेहद करीब पहुंच चुकी थी। हादसा होने में सिर्फ कुछ सेकंड का ही समय बचा था। ड्यूटी पर मौजूद रेलवे गेटकीपर की नजर जैसे ही उस व्यक्ति पर पड़ी, उसने बिना समय गंवाए अपनी केबिन से बाहर दौड़ लगा दी। वह पूरी रफ्तार से ट्रैक की तरफ भागा और आखिरी पल में उस व्यक्ति को पकड़कर पटरी से दूर खींच लिया। जैसे ही दोनों ट्रैक से हटे, उसी समय ट्रेन वहां से तेज गति से गुजर गई। अगर गेटकीपर कुछ सेकंड भी देर कर देता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

CCTV में कैद हुआ दिल दहला देने वाला पल

यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोग गेटकीपर की जमकर तारीफ करने लगे। कई लोगों ने लिखा कि ऐसे कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी से निभाते हैं। वहीं कुछ लोगों ने यह भी कहा कि रेलवे फाटक बंद होने के बाद कभी भी ट्रैक पार करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, क्योंकि एक छोटी-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। हालांकि, वीडियो देखकर कुछ लोगों ने अंदाजा लगाया कि ट्रैक पार करने वाला व्यक्ति नशे में था या शायद आत्महत्या की कोशिश कर रहा था लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @gharkekalesh नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav

पंकज यादव author

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रें... और देखें

  • Hindi News
  • Viral

End of Article