world-news

किशनगंज में शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, VIDEO-ब्लैकमेलिंग: इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती, जान से मारने की धमकी ;FIR - Kishanganj (Bihar) News

September 17, 2026

किशनगंज में महिला थाना में 17 वर्षीय नाबालिग युवती ने एक युवक समेत उसके परिवार के कई सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

.

युवती ने आरोप लगाया है कि मोबाइल और इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

आरोप है कि घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी गई और इसके जरिए लगातार ब्लैकमेल कर उसका शोषण किया गया।

इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी युवक से पहचान

बहादुरगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती के अनुसार, किशनगंज के एक युवक से उसकी बातचीत मोबाइल और इंस्टाग्राम के माध्यम से शुरू हुई थी। बातचीत के दौरान युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर उसे अपने विश्वास में लिया।

पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 15 जुलाई 2026 को युवक उसे किशनगंज के एक होटल में ले गया। वहां उसकी इच्छा के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी

युवती का आरोप है कि आरोपी ने घटना का वीडियो और फोटो बना लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे बार-बार मिलने के लिए बुलाया गया। युवती ने शिकायत में लगातार शोषण किए जाने का आरोप लगाया है।

पीड़िता के मुताबिक आरोपी उसे वीडियो और फोटो वायरल करने के साथ परिवार को बदनाम करने की धमकी देता था। डर और दबाव के कारण वह लंबे समय तक इस बारे में किसी को नहीं बता सकी।

आरोपी के परिजनों पर भी लगाए आरोप

बाद में युवती ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने आरोपी के परिवार से संपर्क कर मामले को लेकर बातचीत की।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी के घर पहुंचने पर उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट की धमकी दी गई। युवती ने आरोप लगाया है कि मामला खत्म करने के लिए पैसे लेने का दबाव भी बनाया गया।

कहीं बेच देने की धमकी का आरोप

शिकायत में युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे फोन पर धमकी दी गई कि यदि मामला खत्म नहीं किया गया तो उसे उठाकर कहीं बेच दिया जाएगा।

युवती ने प्राथमिकी में आरोपी युवक के साथ उसके पिता, मां और कुछ अन्य परिजनों को भी नामजद किया है। शिकायत में दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, धमकी और प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं।

महिला थाना ने दर्ज की FIR

महिला थाना अध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।