world-news

कार बनी आग का गोला, अंदर फंसा ड्राइवर, VIDEO: इंदौर में नहीं खुले गेट-विंडो; कांच तोड़कर निकाला, CPR देते अस्पताल ले गए पुलिसकर्मी - Indore News

September 12, 2026

इंदौर के चोइथराम चौराहे पर शनिवार दोपहर चलती कार में अचानक आग लग गई। गेट लॉक होने और विंडो के कांच नहीं खुलने से ड्राइवर रुपेश यादव करीब 1 से डेढ़ मिनट तक अंदर फंसा रहा। ट्रैफिक पुलिस जवानों ने कांच तोड़कर उसे बाहर निकाला। आग में वह करीब 60% झुलस गया

.

गंभीर हालत में पुलिसकर्मी रुपेश को लोडिंग रिक्शा से चोइथराम अस्पताल लेकर पहुंचे। रास्ते में उसे CPR भी दिया गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। शुरुआती तौर पर कार में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।

हादसे से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए…

शनिवार दोपहर को चोइथराम इलाके में चलती कार में अचानक आग लग गई।

शनिवार दोपहर को चोइथराम इलाके में चलती कार में अचानक आग लग गई।

कार में आग लगने के बाद चालक उसी में फंस गया, जिसे ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने बाहर निकाला।

कार में आग लगने के बाद चालक उसी में फंस गया, जिसे ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने बाहर निकाला।

लोडिंग वाहन में सीपीआर देते हुए ले जाते ट्रैफिक पुलिस जवान।

लोडिंग वाहन में सीपीआर देते हुए ले जाते ट्रैफिक पुलिस जवान।

राजेंद्र नगर से चोइथराम की ओर जा रहा था

पुलिस के मुताबिक, रुपेश कार से राजेंद्र नगर की ओर से चोइथराम की तरफ जा रहा था। आग दोपहर 12.30 से 12.45 बजे के बीच चोइथराम चौराहे के पास लगी।

उस समय बारिश के कारण चौराहे पर ट्रैफिक का लोड ज्यादा था। ट्रैफिक पुलिस के जवान यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। कार में आग लगते ही उन्होंने मौके पर पहुंचकर ड्राइवर को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की।

आग लगते ही मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी

घटना के दौरान ट्रैफिक थाना जोन-4 के टीआई सुमित बिलोनिया अपनी टीम के साथ चोइथराम चौराहे पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। कार में आग लगते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। ड्राइवर अंदर फंसा था और बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस जवानों ने कार के गेट खोलने की कोशिश की, लेकिन सभी गेट लॉक थे। विंडो के कांच भी नहीं खुल रहे थे। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर को बाहर निकालने में करीब 1 से डेढ़ मिनट लगे, क्योंकि कार ऑटो लॉक हो गई थी।

टीआई सुमित बिलोनिया ने आरक्षक विजय, प्रधान आरक्षक कमल और एएसआई जेपी तिवारी की मदद से कार का कांच तोड़ा और ड्राइवर को बाहर निकाला।

लोडिंग रिक्शा से अस्पताल ले गए

घायल की पहचान रुपेश पिता दुलीचंद यादव, निवासी गायत्री नगर के रूप में हुई है। हालत गंभीर होने पर पुलिसकर्मी उसे लोडिंग रिक्शा से चोइथराम अस्पताल लेकर रवाना हुए।

रास्ते में उसकी हालत को देखते हुए पुलिस जवान उसे CPR देते रहे। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद रुपेश के करीब 60% झुलसने की जानकारी दी। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

आग के कारण 10 से 15 मिनट प्रभावित रहा ट्रैफिक

कार में आग लगने और रेस्क्यू के दौरान चौराहे पर करीब 10 से 15 मिनट तक ट्रैफिक प्रभावित रहा। बारिश के कारण पहले से वाहनों का दबाव ज्यादा था। पुलिस जवानों को रेस्क्यू के साथ यातायात व्यवस्था भी संभालनी पड़ी।

पुरानी कार थी, शॉर्ट सर्किट की आशंका

टीआई सुमित बिलोनिया के मुताबिक, कार पुरानी थी। शुरुआती तौर पर आग की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा।

…………………………………..

यह खबर भी पढ़ें

नर्मदापुरम में पुतला बुझाते दो नपा कर्मचारी झुलसे

नर्मदापुरम के सतरस्ते पर गुरुवार दोपहर करीब 12.30 बजे पुतला दहन के दौरान हादसा हो गया। जलते पुतले को बुझाने की कोशिश में नगरपालिका के दो कर्मचारी झुलस गए। लिपिक कैलाश कन्नौजिया का चेहरा और हाथ झुलस गया, जबकि कर्मचारी शेख सिकंदर के हाथ में चोट आई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। पढ़ें पूरी खबर…