
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल.
Greater Noida: उत्तर प्रदेश के हाईटेक शहर ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 से स्वच्छता निगरानी का एक बेहद दिलचस्प और असरदार मामला सामने आया है. सड़क किनारे चुपके से कूड़ा फेंककर भाग रहे एक व्यक्ति को आरडब्ल्यूए (RWA) के CCTV कैमरे और पब्लिक एड्रेस सिस्टम ने रंगे हाथों पकड़ लिया. अचानक लगे लाउडस्पीकर से गूंजी आवाज और चालान की चेतावनी सुनते ही शख्स घबरा गया. इधर-उधर देखने के बाद चालान के डर से वह तुरंत वापस आया और अपना फेंका हुआ कूड़ा उठाकर वहां से चला गया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग आरडब्ल्यूए की इस स्मार्ट पहल की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, ये अनूठी घटना 10 अक्टूबर की रात करीब 10:15 बजे ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में घटी. सेक्टर का ही एक निवासी अपने घर से प्लास्टिक की थैलियों में कूड़ा लेकर निकला और सड़क किनारे दीवार के पास चुपचाप फेंककर वापस जाने लगा. जैसे ही उसने कचरा फेंका, सेक्टर में लगे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी कर रहे कंट्रोल रूम ऑपरेटर की नज़र स्क्रीन पर पड़ गई.
“फेंका हुआ कचरा तुरंत उठाओ वरना होगा चालान”
कंट्रोल रूम में बैठे व्यक्ति ने तुरंत कैमरे से जुड़े पब्लिक अनाउंसमेंट (माइक) सिस्टम का इस्तेमाल किया. माइक से आवाज आई कि अभी जो कूड़ा फेंका गया है उसे तत्काल वापस उठाया जाए. अचानक सन्नाटे में गूंजी आवाज सुनकर युवक चौंक गया और इधर-उधर देखने लगा कि उसे कौन देख रहा है. जब युवक ने ध्यान नहीं दिया तो दोबारा अनाउंसमेंट कर चेतावनी दी गई कि अगर कूड़ा नहीं उठाया गया तो सुबह ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से उसका भारी चालान कटवाया जाएगा. चालान और सार्वजनिक फजीहत के डर से युवक तुरंत मौके पर लौटा, ज़मीन पर बिखरा अपना कूड़ा उठाया और चुपचाप वहां से चला गया.
ये भी पढ़ें: हरियाणा पुलिस विभाग में रातोंरात चली तबादला एक्सप्रेस 13 IPS और 22 HPS अफसरों के तबादले, प्रमोशन भी मिले, देखें लिस्ट
सीसीटीवी से रखी जा रही सेक्टर की सफाई पर नजर
सेक्टर बीटा-1 आरडब्ल्यूए के महासचिव हरेंद्र भाटी ने बताया कि सेक्टर को स्वच्छ बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के बावजूद कुछ लोग खाली भूखंडों और दीवारों के पास कचरा फेंक जाते थे. इसी को रोकने के लिए सेक्टर के संवेदनशील पॉइंट्स पर हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे और स्पीकर लगाए गए हैं. इस पहल की सफलता का वीडियो सामने आने के बाद ग्रेटर नोएडा के अन्य सेक्टरों के लोग भी इसकी सराहना कर रहे हैं. शहरवासियों का कहना है कि स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूकता के साथ-साथ इस प्रकार की डिजिटल निगरानी बहुत जरूरी है.

नदीम सैफी
नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.
Read More