
25 साल के युवक ने फांसी लगाकर दी जान.
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान अजय सिंह के रूप में हुई. वह मूल रूप से कानपुर देहात का रहने वाला था और ग्रेटर नोएडा के मिल्क लच्छी गांव में किराए के मकान में रहता था. अजय ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था. आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए और अपनी मौत के लिए उसे जिम्मेदार बताया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
एक साल पहले हुई थी लव मैरिज
अजय सिंह की एक साल पहले शादी हुई थी. बताया जा रहा कि दोनों ने लव मैरिज की थी. शादी के बाद दोनों ग्रेटर नोएडा में किराए के मकान में रह रहे थे. अजय ऑनलाइन डिलीवरी का काम करके परिवार का खर्च चलाता था. पुलिस के मुताबिक, घटना से करीब एक सप्ताह पहले अजय की पत्नी अपने मायके उन्नाव चली गई थी. इसके बाद अजय घर में अकेला रह रहा था. इसी दौरान उसने यह कदम उठा लिया.
ये भी पढ़ें- मेरठ के नीले ड्रम केस में कोर्ट का बड़ा फैसला, मुस्कान और साहिल दोषी करार
आत्महत्या से पहले बनाया वीडियो
फांसी लगाने से पहले अजय ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था. वीडियो में उसने अपनी पत्नी के साथ हुए विवाद और अपनी परेशानी के बारे में बताया. अजय ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी दूसरे युवकों से फोन पर बातचीत करती थी. अजय के मुताबिक, उसे पत्नी की बातचीत के बारे में कॉल हिस्ट्री से जानकारी मिली थी. इसके बाद उसने पत्नी से दूसरे युवकों से बात नहीं करने को कहा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा. अजय ने पत्नी पर गाली-गलौज करने और मानसिक रूप से परेशान करने का भी आरोप लगाया. वीडियो में अजय ने कहा कि वह लगातार चल रहे विवाद और परेशानी से काफी परेशान हो चुका था. उसने अपनी मौत के लिए पत्नी को जिम्मेदार बताया.
किराए के मकान में फंदे से लटका मिला शव
घटना की जानकारी मिलने के बाद बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी. बिसरख थाना प्रभारी रंजीत सिंह के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि युवक ने फांसी लगा ली है. मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस अब युवक द्वारा बनाए गए वीडियो और मामले से जुड़े दूसरे तथ्यों की जांच कर रही है.

अंशुमन यादव
अंशुमन यादव के पास पत्रकारिता की दुनिया में दो दशक का अनुभव है. ज़मीनी रिपोर्टिंग से लेकर ब्रेकिंग न्यूज़ तक कवर करने में सक्षम. बरेली रुहेलखंड यूनिवर्सिटी से वर्ष 2005 में मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2009 में सहारा समय न्यूज़ चैनल से पत्रकारिता की शुरुआत की. लगभग छह वर्षों तक सहारा समय में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद, वर्ष 2016 में इंडिया वॉयस न्यूज़ चैनल और फिर 2017 में देशबंधु ख़बर में अपनी सेवाएं दीं. साल 2019 से देश के प्रतिष्ठित न्यूज़ चैनल TV9 भारतवर्ष में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर कार्यरत.
Read More