world-news

बिहार के सुपौल में दिनदहाड़े युवक का अपहरण, रोकने पर बदमाशों ने की फायरिंग- Video

September 28, 2026

बिहार के सुपौल में दिनदहाड़े युवक का अपहरण, रोकने पर बदमाशों ने की फायरिंग- Video

सुपौल में सरेराह युवक का अपहरण.

Supaul News: बिहार के सुपौल जिले में सोमवार को दिनदहाड़े एक युवक को किडनैप कर लिया गया. घटना भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज के पास स्टेट हाईवे-91 (SH-91) पर हुई. आरोप है कि कार सवार बदमाशों ने बाइक से जा रहे एक युवक को पहले टक्कर मारी. इसके बाद सड़क पर गिरे युवक को जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो उन पर फायरिंग की गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

बाइक सवार युवक को कार ने मारी टक्कर

छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर पंचायत के वार्ड-13 निवासी मो. जीशान खान बाइक से SH-91 से गुजर रहा था. इसी दौरान एक कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद जीशान सड़क पर गिर गया. कार में सवार बदमाशों ने मौके पर रुककर युवक को जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया. इसके बाद वे उसे लेकर वहां से निकलने लगे. आसपास मौजूद लोगों ने जब घटना का विरोध किया तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई.

ये भी पढे़ं- खाकी पहनकर जाली नोटों की डील करने पहुंचा रिटायर्ड जवान, STF ने दबोचा; मुजफ्फरपुर में 6 गिरफ्तार

विरोध करने पर फायरिंग की

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने कार सवार बदमाशों को रोकने और युवक को छुड़ाने की कोशिश की. इसी दौरान उन पर फायरिंग की गई. स्थानीय लोगों ने करीब चार राउंड गोली चलने की बात कही है. फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. लोग वहां से इधर-उधर भागने लगे. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है. हालांकि, फायरिंग से जुड़े पूरे घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना के बाद वारदात से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा. वीडियो में मौके पर लोगों की भीड़ और अफरा-तफरी दिखाई दे रही है. वीडियो में गोली चलने जैसी आवाज भी सुनाई दे रही है. घटना की सूचना मिलते ही भीमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपौल एसपी शरथ आरएस भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और जांच के संबंध में जरूरी निर्देश दिए.

युवक की बरामदगी के लिए 5 टीमें गठित

पुलिस ने युवक की तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई हैं. एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है. पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि युवक की सकुशल बरामदगी प्राथमिकता है. इसके साथ ही वारदात में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस घटना के कारण और अपहरण के पीछे की वजह समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

युवक की पहचान छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर पंचायत के वार्ड-13 निवासी खुर्शीद खान के 20 वर्षीय बेटे मो. जीशान खान के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया. परिजन युवक की सकुशल वापसी का इंतजार कर रहे हैं.

शिवम

शिवम

घूमने का शौक, The-VOB , Daily hunt न्यूज़ में 3 साल से ज्यादा के काम का अनुभव.

Read More

google button