sports

घर नहीं, अब वृद्धाश्रम में रह रहे विनोद कांबली, वायरल Video ने क्रिकेट जगत को किया हैरान

September 25, 2026

घर नहीं, अब वृद्धाश्रम में रह रहे विनोद कांबली, वायरल Video ने क्रिकेट जगत को किया हैरान

वृद्धाश्रम में रह रहे विनोद कांबली. (फोटो- PTI)

Vinod Kambli Viral Video: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार सोशल मीडिया पर सामने आए उनके एक नए वीडियो ने क्रिकेट जगत और उनके फैंस को हैरान और भावुक कर दिया है. वायरल वीडियो में पूर्व क्रिकेटर एक एल्डरली केयर सेंटर में नजर आ रहे हैं. 90 के दशक में अपनी शानदार बल्लेबाजी से दुनिया भर के गेंदबाजों को परेशान करने वाले स्टार खिलाड़ी को इस हालत में देखकर फैंस काफी चिंतित हैं. हालांकि, वीडियो में विनोद कांबली ने केयर सेंटर की व्यवस्थाओं और वहां के माहौल की खुलकर सराहना की है.

वृद्धाश्रम में रह रहे विनोद कांबली

इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में विनोद कांबली खुद वृद्धाश्रम के बारे में बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में उन्होंने कहा, ‘मैं इस समय ‘निदान’ में हूं. मैं कहना चाहूंगा कि यहां की सुविधाएं बहुत ही बेहतरीन हैं.’ उन्होंने आगे व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए कहा, ‘यहां साफ-सफाई और बाकी सब चीजें एकदम फर्स्ट क्लास हैं. मुझे यहां रहते हुए कभी ऐसा महसूस नहीं होता कि मैं अपने घर पर नहीं हूं. यहां के लोगों से मुझे बहुत ज्यादा प्यार और सम्मान मिल रहा है.’

Vinod Kamblis latest video, he is presently at an elderly care centre in Thane.

Praying for his recovery soon. pic.twitter.com/6k1plg1aCl

— Abhishek ✨ (@ImAbhishek7_) September 25, 2026

कांबली का यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस की चिंता बढ़ गई है. कई लोग उनके इस हाल पर अफसोस जाहिर कर रहे हैं, तो कई फैंस उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की दुआ कर रहे हैं. बता दें, विनोद कांबली पिछले कुछ सालों से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों, आर्थिक तंगी और निजी जिंदगी के उतार-चढ़ावों को लेकर लगातार सुर्खियों में रहे हैं. इससे पहले भी उनके चलने-फिरने में असमर्थ होने और दूसरों के सहारे चलने के वीडियो वायरल हुए थे, जिसने भारतीय क्रिकेट फैंस को झकझोर दिया था.

कांबली का इंटरनेशनल करियर

कांबली ने अक्टूबर 1991 में वनडे क्रिकेट से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया. फिर संयोग से कांबली का पहला वनडे शतक 1993 में उनके 21वें जन्मदिन के दिन ही आया. वहीं, कांबली का टेस्ट करियर सिर्फ 24 साल की उम्र में खत्म हो गया, जबकि 9 बार वनडे टीम में वापसी के बाद भी वो खुद को बदल नहीं पाए और 2000 में उनका इंटरनेशनल करियर खत्म हो गया. कांबली ने अपने 17 टेस्ट के करियर में 54 की औसत से 1084 रन और 104 वनडे में 32 की औसत से 2477 रन बनाए.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button