world-news

लुधियाना में जिम के बाहर महिला पर हमला, VIDEO: चेन झपटी; बचाने दौड़े युवक पर दातर से वार; 2 जिंदा कारतूस मिले - Ludhiana News

October 2, 2026

लुधियाना में शुक्रवार सुबह जिम पहुंची महिला पर बाइक सवार दो बदमाशों ने हमला कर दिया। हमलावर सोने की चेन झपटने लगे। झपटमारी के दौरान महिला की गर्दन भी चोटिल हो गई। महिला ने शोर मचाते हुए उनका पीछा किया, लेकिन रास्ते में गिरकर घायल हो गई।

.

बदमाशों को पकड़ने दौड़े एक युवक पर आरोपियों ने दातर से हमला कर दिया। युवक के हाथ पर गंभीर चोट लगी और खून निकलने लगा। इस दौरान भाग रहे बदमाशों के दो जिंदा कारतूस भी गिर गए।

घटना सराभा नगर रोड स्थित गुरु नानक पब्लिक स्कूल के पास की है। मामले की जानकारी मिलने के बाद सराभा नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

महिला से जब छीना झपटी की गई तो उसकी गर्दन पर निशान पड़ गया। इनसेट में गर्दन का निशान दिखाती महिला।

महिला से जब छीना झपटी की गई तो उसकी गर्दन पर निशान पड़ गया। इनसेट में गर्दन का निशान दिखाती महिला।

अब सिलसिलेवार पढ़ें पूरा मामला...

जिम की पार्किंग में एक्टिवा खड़ी कर रही थी महिला

पीड़ित अमनप्रीत कौर (42) किचलू नगर की रहने वाली हैं। उनके मुताबिक, वह सुबह करीब 8:10 बजे घर से जिम के लिए निकली थीं और करीब 8:15 बजे वहां पहुंचीं। वह पार्किंग में एक्टिवा खड़ी कर रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों में से एक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली।

शोर मचाकर बदमाशों के पीछे दौड़ी

चेन झपटते ही अमनप्रीत ने शोर मचाया और दोनों बदमाशों का पीछा करने लगीं। रास्ते में मौजूद कुछ सफाई कर्मचारियों ने भी बदमाशों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि बदमाश उन्हें धक्का देकर आगे निकल गए। इसी भागदौड़ के दौरान उनके 2 जिंदा कारतूस नीचे गिर गए।

पीछा करते हुए महिला गिरी, गर्दन पर भी चोट

बदमाशों के पीछे दौड़ते समय अमनप्रीत सड़क पर गिर गईं। उनके मुताबिक, चेन खींचने के दौरान गर्दन पर भी चोट आई है। बदमाश चेन का करीब आधा हिस्सा लेकर भाग गए, जबकि आधा हिस्सा उनके पास ही रह गया। बाइक का नंबर वह आपाधापी के कारण नोट नहीं कर सकीं।

शोर सुनकर युवक बदमाशों के पीछे दौड़ा, दातर से हमला

जिम के पास एक कैफे के बाहर बैठे गुरदीप सिंह ने शोर सुना तो वह भी बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़े। आरोप है कि लुटेरों ने गुरदीप के हाथ पर दातर से वार कर दिया। हाथ में गंभीर चोट लगने से खून निकलने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घटना स्थल से पुलिस को मिले 2 कारतूस।

घटना स्थल से पुलिस को मिले 2 कारतूस।

मौके से मिले 2 जिंदा कारतूस

भागते समय बदमाशों से गिरे दोनों कारतूस मौके पर पड़े मिले। पुलिस ने इन्हें कब्जे में ले लिया है। कारतूस कहां से आए और बदमाशों के पास हथियार भी था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

महिला बोली- एक घंटे तक कोई पुलिसकर्मी नहीं आया

अमनप्रीत का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे तक मौके पर कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा। करीब एक घंटे बाद PCR टीम वहां पहुंची। हालांकि, मौके पर पहुंचे ASI परमानंद ने इस आरोप से इनकार किया। उन्होंने कहा कि 112 कंट्रोल रूम पर कॉल मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी।

ASI परमानंद को जानकारी देते लोग।

ASI परमानंद को जानकारी देते लोग।

ASI बोले- सीसीटीवी कब्जे में लेकर जांच शुरू की

एएसआई परमानंद ने बताया कि महिला के अनुसार चेन का आधा हिस्सा बदमाश ले गए हैं, जबकि आधा उसके पास है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।