world-news

अब ईरान की खैर नहीं! US नेवी की AIM-424 मैलिस मिसाइल मचाएगी तबाही, 463 किलोमीटर मार करने में सक्षम

August 24, 2026

ईरान से युद्ध के बीच अमेरिकी नौसेना ने लंबी दूरी की नई एयर-टू-एयर मिसाइल AIM-424 Malice को सार्वजनिक किया है. यह मिसाइल करीब 463 किलोमीटर तक लक्ष्य को निशाना बना सकती है. खास बात यह है कि इतनी लंबी रेंज के बावजूद इसका आकार कॉम्पैक्ट रखा गया है, ताकि इसे F-35C जैसे स्टेल्थ फाइटर के इंटरनल वेपन बे में भी ले जाया जा सके. इस मिसाइल से आने वाले दिनों में अमेरिका को ईरान के साथ जारी युद्ध में भी बढ़त मिलेगी.

F/A-18 पर भी दिखी मिसाइल

अमेरिकी नौसेना की ओर से जारी तस्वीरों में F/A-18E/F Super Hornet को चार AIM-424 मिसाइलों के साथ देखा गया है. एक अन्य तस्वीर में AIM-424 को F-35C के इंटरनल वेपन बे के अंदर दिखाया गया है. इससे संकेत मिलता है कि मिसाइल का परीक्षण और इंटीग्रेशन लंबे समय से चल रहा है.

463 किलोमीटर तक मारक क्षमता

AIM-424 की लंबाई करीब 4.11 मीटर, वजन करीब 680 किलो और व्यास लगभग 34 सेंटीमीटर है. इसकी अनुमानित रेंज करीब 463 किलोमीटर बताई गई है. इसके मुकाबले अमेरिकी नौसेना की AIM-174B करीब 5 मीटर लंबी और लगभग 830 किलो वजनी है. इसकी बेसलाइन रेंज करीब 240 से 280 किलोमीटर है. यानी AIM-424 को ज्यादा रेंज के साथ अपेक्षाकृत कॉम्पैक्ट रखने की कोशिश की गई है.

F-35C के लिए क्यों खास?

AIM-424 की सबसे बड़ी खासियत इसका छोटा आकार है. इसे F-35C के अंदर ले जाने से विमान के हथियार बाहर नहीं निकलेंगे और उसकी स्टेल्थ क्षमता पर कम असर पड़ेगा. यानी F-35C कम रडार सिग्नेचर के साथ ऑपरेट करते हुए काफी दूरी से दुश्मन के महत्वपूर्ण हवाई ठिकानों को निशाना बना सकता है. इस मिसाइल को F/A-18E/F Super Hornet और भविष्य के F/A-XX फाइटर के लिए भी इस्तेमाल किए जाने की योजना है.

AIM-260 से भी ज्यादा रेंज

AIM-424 की बताई गई रेंज अमेरिकी AIM-260 JATM से भी ज्यादा है. AIM-260 की अनुमानित रेंज करीब 193 किलोमीटर या उससे अधिक मानी जाती है. अगर AIM-424 की करीब 463 किलोमीटर की रेंज परीक्षणों में साबित होती है, तो यह अमेरिकी लंबी दूरी की एयर-टू-एयर मिसाइल क्षमता में बड़ा इजाफा होगा.

चीन और रूस की मिसाइलों के मुकाबले

AIM-424 का विकास ऐसे समय में हो रहा है, जब चीन और रूस भी लंबी दूरी की एयर-टू-एयर मिसाइलों पर तेजी से काम कर रहे हैं. चीन की PL-17 को करीब 400 किलोमीटर तक की रेंज वाली मिसाइल माना जाता है, जबकि रूस की R-37M की रेंज भी करीब 300 से 400 किलोमीटर तक बताई जाती है. ऐसे में AIM-424 को अमेरिका की लंबी दूरी की एयर कॉम्बैट क्षमता बढ़ाने वाली मिसाइल के तौर पर देखा जा रहा है.

चीन के खिलाफ लंबी दूरी की एयर कॉम्बैट रणनीति

पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में चीन के साथ संभावित संघर्ष को देखते हुए अमेरिका के लिए लंबी दूरी की एयर-टू-एयर मिसाइलों की अहमियत बढ़ गई है. ताइवान स्ट्रेट और दक्षिण चीन सागर जैसे इलाकों में अमेरिकी लड़ाकू विमान चीन के फाइटर जेट, बॉम्बर, एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एयरक्राफ्ट और टैंकर जैसे हाई-वैल्यू टारगेट को ज्यादा दूरी से निशाना बना सकते हैं.

अमेरिकी रणनीति का मकसद साफ है ‘पहले देखो, पहले हमला करो और पहले मार गिराओ.’ हालांकि AIM-424 अभी परीक्षण चरण में है और अमेरिकी नौसेना ने इसके आधिकारिक रूप से सेवा में शामिल होने की तारीख नहीं बताई है.

लंबी रेंज के साथ स्टेल्थ क्षमता

AIM-424 Malice की सबसे बड़ी खासियत इसकी बताई गई 463 किलोमीटर की लंबी रेंज और कॉम्पैक्ट डिजाइन है. अगर परीक्षणों में इसकी क्षमता सफल साबित होती है, तो F-35C और भविष्य के F/A-XX जैसे स्टेल्थ फाइटरों को लंबी दूरी की एयर कॉम्बैट में बड़ा फायदा मिल सकता है.

अंजू निर्वाण

अंजू निर्वाण

अंजू निर्वाण भारत की लीडिंग डिफेंस पत्रकारों में से एक हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर अपनी सटीक रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जानी जाती हैं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में दो दशकों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने इंडिया टीवी, न्यूज़ 24, ज़ी न्यूज़, इंडिया न्यूज़, ईटीवी और रिपब्लिक भारत जैसे प्रमुख समाचार चैनलों में रिपोर्टर, एंकर, प्रोड्यूसर और खोजी पत्रकार के रूप में काम किया है. सितंबर 2022 से अंजू निर्वाण टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह रक्षा मामलों की कवरेज का नेतृत्व करती हैं, भारत के सैन्य आधुनिकीकरण, नौसेना की प्रगति, मिसाइल प्रणालियों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर कवरेज करती हैं. अंजू निर्वाण ने युद्ध क्षेत्रों से रिपोर्टिंग की है, अग्रिम पंक्ति के सैन्य अभ्यासों को कवर किया है और शीर्ष रक्षा अधिकारियों के इंटरव्यू किए हैं.

Read More

google button