world-news

UPSC NDA और नौसेना अकादमी परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी, कब है एग्जाम? अभी चेक कर लें सारी डिटेल

September 4, 2026

Time Published: Friday, September 4, 2026, 21:00 [IST]

NDA Exam 2026 Admit Card: भारतीय सेना में अफसर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) और नौसेना अकादमी (NA) परीक्षा (II) 2026 का एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। जिन उम्मीदवारों ने इस परीक्षा के लिए आवेदन किया है, वे अब यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर अपना ई-एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

आयोग उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड की कोई कागजी कॉपी डाक से नहीं भेजेगा। ऐसे में हॉल टिकट ऑनलाइन डाउनलोड करना जरूरी है। NDA की यह परीक्षा तीनों सेनाओं में अधिकारी बनने की दिशा में पहला बड़ा कदम है। परीक्षा में शामिल होने से पहले उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड के साथ-साथ आयोग की ओर से बताए गए सभी नियमों को भी ध्यान से देख लेना चाहिए।

NDA Exam 2026 Admit Card

13 सितंबर को होगी परीक्षा

UPSC NDA और NA II 2026 परीक्षा का आयोजन 13 सितंबर 2026, रविवार को किया जाएगा। देशभर में बनाए गए अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवार लिखित परीक्षा देंगे। NDA के जरिए सफल उम्मीदवारों के लिए भारतीय थल सेना, नौसेना और वायुसेना में अधिकारी बनने का रास्ता खुलता है। इसलिए इस परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए एडमिट कार्ड बेहद जरूरी दस्तावेज है।

ये भी पढ़ें: NEET UG Round 2 Counselling के लिए 659 MBBS-BDS सीटें बढ़ीं, AIIMS-KGMU की भी लिस्ट जारी

परीक्षा केंद्र पर ये चीजें जरूर ले जाएं

परीक्षा के दिन उम्मीदवारों को अपना ई-एडमिट कार्ड का साफ प्रिंटआउट साथ लेकर जाना होगा। जांच के समय अगर कोई उम्मीदवार अपना ई-एडमिट कार्ड नहीं दिखा पाता है तो उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा एक मूल फोटो पहचान पत्र भी साथ रखना जरूरी है। उम्मीदवारों के पहचान पत्र की जांच सुबह और दोपहर, दोनों सत्रों में की जाएगी।

मोबाइल और स्मार्टवॉच ले जाना मना

UPSC ने परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक सामान ले जाने पर रोक लगाई है। उम्मीदवार अपने साथ मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर न जाएं। परीक्षा केंद्र पर तलाशी और जांच में समय लग सकता है। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा शुरू होने से काफी पहले केंद्र पर पहुंच जाएं।

इस समय के बाद नहीं मिलेगी एंट्री

परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के समय को लेकर भी आयोग ने सख्त नियम रखे हैं। सुबह वाले सत्र के लिए परीक्षा केंद्र का गेट सुबह 9:30 बजे बंद हो जाएगा। वहीं दोपहर के सत्र के लिए प्रवेश दोपहर 1:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इन समय-सीमाओं के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसलिए आखिरी समय पर पहुंचने की गलती न करें।

NDA, NA II एडमिट कार्ड ऐसे करें डाउनलोड

उम्मीदवार इन आसान स्टेप्स के जरिए अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं:

  • सबसे पहले UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in खोलें।
  • वेबसाइट के होमपेज पर एडमिट कार्ड से जुड़ा लिंक खोजें।
  • लिंक पर क्लिक करने के बाद लॉगिन पेज खुलेगा।
  • यहां अपनी जरूरी जानकारी, जैसे रजिस्ट्रेशन आईडी या रोल नंबर दर्ज करें।
  • जानकारी भरने के बाद सबमिट पर क्लिक करें।
  • स्क्रीन पर आपका UPSC NDA, NA II 2026 ई-एडमिट कार्ड दिखाई देगा।
  • इसे डाउनलोड करके सुरक्षित रखें और परीक्षा के लिए इसका साफ प्रिंटआउट निकाल लें।

एडमिट कार्ड में गलती हो तो क्या करें?

अगर एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद उसमें नाम या किसी दूसरी जानकारी में गलती दिखाई देती है तो उम्मीदवार इसे नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत UPSC से संपर्क करने की सलाह दी गई है। उम्मीदवार अपनी समस्या आयोग की ईमेल आईडी [email protected] पर भेज सकते हैं। समय रहते शिकायत करने से गलती को ठीक कराने का मौका मिल सकता है।

परीक्षा के दिन किसी परेशानी से बचने के लिए उम्मीदवार एडमिट कार्ड को पहले ही डाउनलोड कर लें और उसमें दर्ज नाम, रोल नंबर, परीक्षा केंद्र और दूसरी जरूरी जानकारी अच्छी तरह जांच लें।

ये भी पढ़ें: RRB NTPC UG CBT 2 परीक्षा की तारीख घोषित, कब आएगा एडमिट कार्ड? चेक करें एग्जाम डेट