world-news

Upcoming SUVs: भारत में जल्द लॉन्च होंगी ये मिडसाइज कारें, जानें पावरट्रेन के ऑप्शन - Haribhoomi

September 16, 2026

Upcoming SUVs: भारत में मिडसाइज SUV सेगमेंट में जल्द कई नए मॉडल दस्तक देने वाले हैं। हुंडई Bayon से लेकर डस्टर हाइब्रिड और महिंद्रा BE 07 तक, जानें आने वाली SUV की खास बातें।

Upcoming SUVs

भारत में ये मिडसाइज कारें जल्द लॉन्च होंगी

  • Published: 16 Sep 2026, 08:10 PM IST
  • Last Updated: 16 Sep 2026, 08:52 PM IST

Upcoming SUVs: भारत में मिडसाइज SUV सेगमेंट लगातार तेजी से बढ़ रहा है। यही वजह है कि आने वाले महीनों में इस सेगमेंट में कई नए मॉडल और अपडेटेड SUV देखने को मिल सकती हैं। खास बात यह है कि कंपनियां अलग-अलग ग्राहकों की जरूरत को देखते हुए पेट्रोल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के विकल्प भी पेश करने की तैयारी में हैं। आने वाले समय में हुंडई, होंडा, रेनो, टाटा और महिंद्रा जैसी कंपनियों की SUV बाजार में नजर आ सकती हैं। आइए जानते हैं आने वाले महीनों में किन मॉडल्स को लॉन्च किया जा सकता है।

हुंडई Bayon
हुंडई भारतीय बाजार के लिए नई SUV पर काम कर रही है, जिसका नाम Bayon हो सकता है। कंपनी के मुताबिक इसका नाम फ्रांस के बास्क क्षेत्र के शहर Bayonne से प्रेरित है। नई SUV को भारत जैसे तेजी से विकसित हो रहे बाजार के लिए तैयार किया जा रहा है।

भारत में आने वाली Bayon ग्लोबल मॉडल से काफी अलग होगी। ग्लोबल Bayon, i20 पर आधारित क्रॉसओवर है, जबकि भारत-स्पेक मॉडल को ज्यादा पारंपरिक SUV डिजाइन मिलने की उम्मीद है।

स्पाई शॉट्स में इसके डिजाइन की कई जानकारी सामने आ चुकी है। इसमें ह्यून्दे की दूसरी SUV की तरह स्प्लिट हेडलैंप सेटअप देखने को मिल सकता है। इसमें ऊपर की तरफ पतली LED DRLs और नीचे मुख्य हेडलैंप दिए जा सकते हैं। फ्रंट में हॉरिजॉन्टल ग्रिल एलिमेंट्स के साथ पार्किंग सेंसर और ADAS के लिए रडार मॉड्यूल भी नजर आया है।

होंडा एलिवेट फेसलिफ्ट
होंडा एलिवेट को जल्द ही फेसलिफ्ट अपडेट मिलने की उम्मीद है। अपडेटेड मॉडल में बाहरी डिजाइन के साथ-साथ फीचर्स में भी बदलाव किए जा सकते हैं।

नई एलिवेट में 360-डिग्री कैमरा, वेंटिलेटेड सीट्स और एम्बिएंट लाइटिंग जैसे फीचर्स जोड़े जाने की उम्मीद है। इनमें से कुछ फीचर्स मौजूदा मॉडल में उपलब्ध नहीं हैं या सीमित तौर पर मिलते हैं।

पावरट्रेन की बात करें तो बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। इसमें मौजूदा 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन को बरकरार रखा जा सकता है। हालांकि, फेसलिफ्ट के साथ हाइब्रिड पावरट्रेन को शामिल किए जाने की संभावना पर भी नजर रहेगी।

रेनॉ डस्टर हाइब्रिड
नई रेनॉ डस्टर को भारतीय बाजार में पहले ही पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ पेश किया जा चुका है। अब इसके साथ स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन आने की उम्मीद है, जिसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा है।

डस्टर के स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वर्जन में 1.8-लीटर GDI पेट्रोल इंजन के साथ 1.4 kWh बैटरी पैक दिया जा सकता है। इसमें दो इलेक्ट्रिक मोटर और 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलने की जानकारी सामने आई है।

कंपनी के मुताबिक इस पावरट्रेन में 1,000 किलोमीटर तक की कुल रेंज और करीब 80 प्रतिशत तक ड्राइविंग प्योर EV मोड में करने की क्षमता बताई गई है। हालांकि, भारत-स्पेक मॉडल के आधिकारिक स्पेसिफिकेशन लॉन्च के समय ही स्पष्ट होंगे।

टाटा सिएरा डार्क एडिशन
टाटा मोटर्स अपनी नई सिएरा को डार्क एडिशन में भी पेश करने की तैयारी कर सकती है। मौजूदा सिएरा के मुकाबले इसका लुक ज्यादा ऑल-ब्लैक थीम वाला होगा।

सिएरा डार्क एडिशन में ब्लैक एक्सटीरियर, ब्लैक अलॉय व्हील और बेहद कम क्रोम एलिमेंट्स दिए जाने की उम्मीद है। केबिन में भी ब्लैक थीम के साथ ब्लैक लेदरेट सीट्स मिल सकती हैं।

उम्मीद है कि इसे सिएरा के ऊंचे वेरिएंट पर आधारित किया जाएगा। पावरट्रेन के तौर पर इसमें टर्बो-पेट्रोल और डीजल इंजन के विकल्प मिलने की संभावना है।

महिंद्रा BE 07
महिंद्रा की इलेक्ट्रिक SUV लाइनअप में BE 07 भी एक महत्वपूर्ण मॉडल हो सकती है। इसे 2027 की शुरुआत में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। इस SUV को हाल के महीनों में टेस्टिंग के दौरान कई बार देखा जा चुका है।

BE 07 का डिजाइन BE 6 की तुलना में ज्यादा पारंपरिक SUV जैसा रखा जाएगा। इसके कारण केबिन में ज्यादा जगह मिलने और इसे परिवार के इस्तेमाल के लिए ज्यादा प्रैक्टिकल बनाने की उम्मीद है।

पावरट्रेन की बात करें तो BE 07 में BE 6 के साथ कई तकनीकी हिस्से साझा किए जाने की संभावना है। इसमें बैटरी और मोटर के विकल्प भी BE 6 से लिए जा सकते हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक तकनीकी जानकारी लॉन्च के करीब सामने आएगी।

कई पावरट्रेन के साथ बढ़ेगा मुकाबला
आने वाले महीनों में मिडसाइज SUV सेगमेंट में मुकाबला और बढ़ने वाला है। ह्यून्दे Bayon और होंडा एलिवेट फेसलिफ्ट जैसे मॉडल पेट्रोल सेगमेंट में चुनौती पेश कर सकते हैं, जबकि रेनॉ डस्टर हाइब्रिड हाइब्रिड ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है। दूसरी ओर, टाटा सिएरा डार्क एडिशन अलग डिजाइन थीम के साथ आएगी और महिंद्रा BE 07 इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में नया विकल्प देगी।

(मंजू कुमारी)