world-news

Upcoming Movies: इन 6 फिल्मों से दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर छाने को तैयार कमल हासन, 72 साल की उम्र में प्ले करेंगे लीड रोल

October 25, 2026

Upcoming Movies: इन 6 फिल्मों से दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर छाने को तैयार कमल हासन, 72 साल की उम्र में प्ले करेंगे लीड रोल

कमल हासन की आने वाली फिल्में

Kamal Haasan 6 Upcoming Movies: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज सुपरस्टार कमल हासन ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्में की हैं. एक्टर ने अपनी परफॉर्मेंस से सभी को अपना मुरीद बना दिया है. कमल हासन कुछ दिनों में ही अपना 72वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं. इस मौके पर एक्टर की अपकमिंग फिल्म संडियार को लेकर अपडेट शेयर किया जाना है. खबर है कि उनका फर्स्ट लुक इस दिन शेयर किया जा सकता है. इसके अलावा भी वे कई फिल्मों का हिस्सा हैं जिसमें से सीक्वल फिल्में भी शामिल हैं.

कमल हासन आने वाले समय में 2-4 नहीं बल्कि 6 फिल्मों का हिस्सा बनने वाले हैं. लंबे वक्त के बाद वे अपने फेवरेट को-स्टार रजनीकांत के साथ भी फिल्म करने जा रहे हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि कमल हासन की आने वाली 6 फिल्में कौन सी हैं.

इंडियन 3

कमल हासन की आने वाली फिल्मों में इंडियन 3 फिल्म का नाम शामिल है. इस फिल्म का पहला पार्ट 3 दशक पहले आया था और फिल्म को खूब पसंद किया गया था. इसके बाद साल 2024 में फिल्म का दूसरा पार्ट आया जो सक्सेसफुल नहीं रह सका. अब 2027 में मार्च या अप्रैल के महीने में इंडियन फिल्म का तीसरा पार्ट रिलीज किया जा सकता है. फिल्म का निर्देशन शंकर कर रहे हैं और इसके ज्यादातर सीन्स की शूटिंग दूसरे पार्ट के साथ ही कर ली गई थी. फिल्म को बस आज के दौर के हिसाब से इम्रोवाइज किया जा रहा है. ये कमल हासन के करियर की मोस्ट एंटिसिपेटेड फिल्मों में से एक मानी जा रही है.

कल्कि 2

साल 2024 में ही प्रभास की साई-फाई फिल्म कल्कि 2898 एडी रिलीज की गई थी. फिल्म में अमिताभ बच्चन सपोर्टिंग रोल में थे. वहीं मुख्य विलेन के रोल में कमल हासन थे. पूरी फिल्म में 2-3 मिनट के सीन में ही कमल हासन के किरदार का खौफ नजर आया था. लेकिन दूसरे पार्ट में उनके किरादार की लेंथ और भी ज्यादा होगी. फिल्म को लेकर फैंस काफी उत्सुक हैं. नाग अश्विन के निर्देशन में बन रही कल्कि 2 का बजट 600 करोड़ के आस-पास का माना जा रहा है. ऐसी उम्मीद है कि ये फिल्म सिनेमाघरों में 2027 तक रिलीज की जा सकती है. फिलहाल इस फिल्म की शूटिंग जारी है.

Kamal Haasan Amitabh Bachchan

कल्कि के सेट से अमिताभ बच्चन और कमल हासन

विक्रम 2

लीड रोल में बॉक्स ऑफिस के लिहाज से विक्रम फिल्म कमल हासन के करियर की सबसे बड़ी फिल्म मानी जाती है. साल 2022 में इस फिल्म ने फैंस को खूब इंप्रेस किया था. 120 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 500 करोड़ के आसपास का कलेक्शन किया था. इसके बाद से ही फैंस लगातार इस फिल्म के सीक्वल की डिमांड कर रहे हैं. अब फिल्म के सीक्वल को लेकर डिटेल्स आ गई हैं. ये फिल्म लोकेश कनगराज के लोकेश सिनमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा है. फिल्म पर काम चल रहा है. ऐसा माना जा रहा है कि पहले कैथी 2 फिल्म रिलीज की जाएगी इसके बाद ही विक्रम 2 का नंबर आएगा. शायद ये मूवी 2028 तक आ सकती है.

संडियार

एस यू अरुण कुमार के निर्देशन में बनी संडियार फिल्म में कमल हासन का लीड रोल होने जा रहा है. फिल्म मदुरै की पृष्ठभूमि पर आधारित एक रॉ एक्शन फिल्म है. फिलहास इस फिल्म को लेकर ज्यादा डिटेल्स नहीं शेयर की गई है. लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि 7 नवंबर 2026 को कमल हासन के जन्मदिन के साथ ही इस फिल्म पर अपडेट शेयर किया जाएगा. साथ ही फिल्म का फर्स्ट लुक भी जारी किया जाएगा. ये फिल्म 2027-2028 तक रिलीज की जा सकती है.

ये भी पढ़ें- Rajinikanth: कमल हासन की फिल्म से शुरू किया करियर, सुपरस्टार रजनीकांत ने इंडस्ट्री में पूरे किए 51 साल, यूं किया सेलिब्रेट

KH x RK रियूनियन

इस फिल्म का इंतजार तो कमल हासन और रजनीकांत के दुनियाभर के फैंस बेसब्री से कर रहे हैं. फिल्म के जरिए दोनों सुपरस्टार करीब 4 दशक से ज्यादा समय के बाद एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे. फिल्म में दोनों का ही फुल लेंथ रोल होगा. जेलर फिल्म बनाने वाले नेल्सन दिलीपकुमार इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं. वहीं अनिरुद्ध रविचंदर इस फिल्म का संगीत दे रहे हैं. ये फिल्म भी 2027-2028 तक सिनेमाघरों में रिलीज की जा सकती है.

KH237

ये कमल हासन के करियर की 237वीं फिल्म है इसलिए इसका टेंटेटिव टाइटल KH237 रखा गया है. फिल्म का निर्देशन स्टंट डायरेक्टर की जोड़ी एनाब्रिव कर रही है. ये भी कमल हासन का एक बड़ा अपकमिंग प्रोजेक्ट माना जा रहा है जिसमें 72 साल की उम्र में एक्टर जबरदस्त स्टंट्स से फैंस को इंप्रेस करने की तैयारी में हैं. इस फिल्म की खास बात ये है कि इसका लेखन भी कमल हासन ही कर रहे हैं. ये फिल्म साइंस फिक्शन की एक्शन थ्रिलर फिल्म होगी जो एआई थीम पर बेस्ड होगी. ये फिल्म भी 2028 तक सिनेमाघरों में रिलीज की जा सकती है.

पुनीत उपाध्याय

पुनीत उपाध्याय

पत्रकारिता जगत में 7 साल पूरे कर चुके पुनीत उपाध्याय रायबरेली से ताल्लुक रखते हैं. वे टीवी 9 के डिजिटल विंग में साल 2022 से सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. कला, संगीत, सिनेमा, साहित्य पर लिखने का शौक रखते हैं. साथ ही इससे जुड़ी हर छोटी, बड़ी और रोचक खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं. इसके अलावा वे अन्य बीट्स में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. पुनीत मानते हैं कि कला सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि उससे इतर अंतरमन से जुड़ने और समाज से रूबरू होने का एक सार्थक जरिया भी है. CSJM कानपुर युनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद पुनीत ने ITMI (इंडिया टुडे मीडिया इंस्टिट्यूट) से मास कॉम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा का कोर्स किया है. पुनीत की पहली जॉब आज तक में थी जहां उन्होंने 4 साल सब एडिटर की पोस्ट पर काम किया और मनोरंजन बीट के लिए अपनी सेवाएं दीं. पुनीत की रुचि लिखने में है और वे कलम की धार से समाज में बदलाव लाने में विश्वास रखते हैं. इसके अलावा उनकी रुचि आध्यात्म, साहित्य, गायन, दर्शन, क्रिकेट और मनोविज्ञान में है.

Read More

google button