Updated: Sun, 23 Aug 2026 11:07 AM (IST)
राष्ट्रगान के बीच सलामी मंच से उतरे सतीश महाना
UP News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान बजते समय यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के सलामी मंच से उतरने का वीडियो वायरल हो रहा है. इस घटनाक्रम ने सभी को असहज कर दिया.
UP News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में शनिवार को उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के प्रांतीय अधिवेशन में उस समय असहज स्थिति बन गई, जब यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना गार्ड ऑफ ऑनर के बाद राष्ट्रगान के दौरान सलामी मंच से उतर गए. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद शुरू हुआ राष्ट्रगान
कानपुर की महाराजपुर सीट से विधायक और यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना शनिवार को उन्नाव के पूरन नगर स्थित एक स्कूल में प्रधानाचार्य परिषद के अधिवेशन और संगोष्ठी में पहुंचे थे. कार्यक्रम में प्रोटोकॉल के तहत पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया. गार्ड ऑफ ऑनर समाप्त होते ही राष्ट्रगान शुरू हो गया.
राष्ट्रगान के दौरान मंच से उतरे विधानसभा अध्यक्ष
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि राष्ट्रगान के दौरान सतीश महाना सलामी मंच से अचानक पीछे की ओर मुड़ते हैं और नीचे उतर जाते हैं. मंच से उतरने के बाद कुछ दूरी पर खड़े समर्थक उनके साथ आ गए और उनके पैर छूने लगे.
राम मंदिर आंदोलन पर भी बोले सतीश महाना
कार्यक्रम के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सतीश महाना ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को लेकर कहा कि करोड़ों लोग इस संघर्ष में खड़े थे. उन्होंने कहा कि मंदिर सैकड़ों वर्षों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है. मंदिर के लिए दी गई राशि भगवान के चरणों में समर्पण है. समर्पण राशि वापस मांगने की बात आस्थावानों को आहत करने वाली है.
विपक्ष और जेन जी आंदोलन पर कही ये बात
सदन में विपक्ष को लेकर उन्होंने कहा कि उन्होंने कई बार हाथ जोड़कर अपनी बात रखने के लिए कहा, लेकिन विपक्ष बात सुनने को तैयार नहीं हुआ. वहीं, जेन जी आंदोलन पर उन्होंने कहा कि बच्चों के हित के लिए मां-बाप सोचते हैं. किसी व्यवस्था को अच्छा या खराब कहने से पहले परिस्थितियों को समझना जरूरी है. सुधार की दिशा में लगातार आगे बढ़ने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी बात कहने का पूरा अधिकार है, लेकिन संस्कार और सीमा में रहकर समाज और सरकार आने वाले मुद्दों को मिलकर सुलझा लेंगे.
Must Read: UP के मैनपुरी में बच्चों ने CM योगी से लगाई गुहार, गंदे पानी का वीडियो वायरल होते ही स्कूल में लगा RO
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Tags