
साहब युवराज ने खेली मैच विनिंग पारी. (फोटो- UP T20 League)
UP T20 League 2026: भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए यूपी टी-20 लीग के एक रोमांचक मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास ने कानपुर सुपरस्टार्स को 7 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की. मैच के हीरो साहब युवराज सिंह रहे, जिनकी 91 रनों की शानदार पारी के दम पर काशी रुद्रास ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 167 रन बनाए. जवाब में कड़े संघर्ष के बाद कानपुर सुपरस्टार्स की टीम 19.4 ओवर में 160 रन पर ऑलआउट हो गई.
साहब युवराज ने खेली मैच विनिंग पारी
इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्रास की शुरुआत काफी खराब रही. टीम ने पावरप्ले में ही सिर्फ 37 रन पर अपने 3 बड़े विकेट गंवा दिए. इसके बाद साहब युवराज सिंह ने अपनी बल्लेबाजी से हर किसी का ध्यान खींच लिया. साहब युवराज सिंह ने 56 गेंदों पर 7 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 91 रनों की जबरदस्त पारी खेली. इस दौरान उन्होंने शुभम चौबे के साथ पांचवें विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी कर टीम को उबारा.
फिर आखिरी ओवरों में अर्नव ने सिर्फ 12 गेंदों पर नाबाद 29 रन कूटकर टीम का स्कोर 167 तक पहुंचाया, इस दौरान उन्होंने 1 चौका और 3 छक्के जड़े. वहीं, कानपुर की तरफ से अजय कुमार ने 24 रन देकर 2 विकेट लिए.
रन चेज में रोमांच की हदें पार
168 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए कानपुर को प्रियांशु पांडेय ने 19 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई. इसके बाद आदर्श सिंह और अभिषेक पांडेय ने दूसरे विकेट के लिए 49 रन जोड़े. एक समय कानपुर का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 73 रन था, लेकिन सिर्फ 6 गेंदों के अंदर दोनों सेट बल्लेबाज आउट हो गए. इसके बाद कप्तान समीर रिजवी और मोहम्मद अमान के सस्ते में निपटने से स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 90 रन हो गया. हालांकि, सत्यम सांगू ने 22 गेंदों पर 40 रनों की पारी खेलकर मैच को आखिरी ओवरों तक बनाए रखा, लेकिन सुनील कुमार ने उन्हें आउट कर काशी का पलड़ा भारी कर दिया.
आखिरी ओवर का हाई वोल्टेज ड्रामा
आखिरी ओवर में कानपुर को जीत के लिए 14 रन की दरकार थी. जहां काशी रुद्रास के गेंदबाज अटल बिहारी राय ने बेहतरीन गेंदबाजी और फील्डिंग का नमूना पेश किया. उन्होंने पहली ही गेंद पर फुर्ती दिखाकर रन आउट किया और फिर चौथी गेंद पर एक और रन आउट कर कानपुर की पारी को 160 रन पर समेट दिया. जिसके चलते 91 रनों की मैच जिताऊ पारी खेलने वाले साहब युवराज सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More