world-news

UP BEO Recruitment: बीईओ भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, 360 पदों पर भर्ती की तैयारी| Navbharat Live

July 17, 2026

विज्ञापन

सार

UP BEO Recruitment 2026:उत्तर प्रदेश में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) भर्ती 2026 के लिए लगभग 360 रिक्त पदों पर भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। बेसिक शिक्षा विभाग जल्द संशोधित अधियाचन यूपीपीएससी को भेजेगा।

UP BEO Recruitment 2026: Vacancies Likely to Rise to Around 360, Proposal to Be Sent to UPPSC Soon

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (सोर्स- सोशल मीडिया)

विस्तार

UP BEO Recruitment 2026 Notification: खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। बेसिक शिक्षा विभाग में बीईओ के रिक्त पदों की संख्या बढ़ गई है और अब लगभग 360 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। विभाग की ओर से रिक्तियों का नया विवरण तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द ही उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को भेजा जाएगा।

शिक्षा विभाग ने पहले आयोग को भेजा था 194 रिक्त पदों का अधियाचन

दरअसल, बेसिक शिक्षा विभाग ने पहले 194 रिक्त पदों का अधियाचन आयोग को भेजा था। हालांकि, बीएड अथवा समकक्ष योग्यता को लेकर उठे विवाद के कारण आयोग ने अधियाचन वापस कर दिया था और विभाग से पहले पात्रता स्पष्ट करने को कहा था। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी थी।

इसी बीच विभाग में बड़ा बदलाव हुआ। पिछले महीने 165 खंड शिक्षा अधिकारियों को पदोन्नति देकर समूह-‘ख’ के उच्चतर पदों पर नियुक्त किया गया। पदोन्नति के चलते बीईओ के कई पद खाली हो गए। अब इन रिक्तियों को भी नई भर्ती में शामिल करने की तैयारी है। इसके चलते कुल रिक्त पदों की संख्या बढ़कर लगभग 360 तक पहुंच गई है।

सम्बंधित ख़बरें

165 अधिकारियों की पदोन्नति के बाद रिक्तियों में हुआ इजाफा

विभागीय अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में बीईओ के कुल 1031 पद स्वीकृत हैं। पहले 837 पदों पर अधिकारी कार्यरत थे और 194 पद खाली थे। लेकिन 165 अधिकारियों की पदोन्नति के बाद रिक्तियों में और इजाफा हो गया। ऐसे में कई विकासखंडों में बीईओ की कमी महसूस की जा रही है और कुछ अधिकारियों को एक से अधिक विकासखंडों का अतिरिक्त प्रभार संभालना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें- रेलवे एएलपी भर्ती में कड़ी टक्कर: 11,127 पदों के लिए 8.40 लाख उम्मीदवार, OBC वर्ग से सबसे ज्यादा दावेदार

पात्रता संबंधी स्थिति स्पष्ट होते ही भेजा जाएगा संशोधित अधियाचन

लोक सेवा आयोग ने पूर्व में स्पष्ट किया था कि पात्रता संबंधी विवाद समाप्त होने के बाद ही भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। अब विभाग आयोग की सलाह के अनुसार बीएड या समकक्ष शब्दावली को लेकर स्पष्ट नियम तय कर रहा है, ताकि भविष्य में भर्ती किसी कानूनी विवाद में न फंसे।

बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पात्रता संबंधी स्थिति स्पष्ट होते ही संशोधित अधियाचन आयोग को भेज दिया जाएगा। इसके बाद बीईओ भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर मिल सकेगा। भर्ती शुरू होने से प्रदेश के विकासखंडों में अधिकारियों की कमी भी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।

Follow Navbharatlive whatsapp