Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर सेवानिवृत्त अधिकारी से करोड़ों रुपये की साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने हाईकोर्ट और शासन के अधिकारियों का डर दिखाकर पीड़ित को डिजिटल अरेस्ट किया और अलग-अलग बैंक खातों में करीब 2 करोड़ 36 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से 75 लाख रुपये होल्ड और फ्रीज कराए हैं.
दरअसल, मामला 22 सितंबर का है. SBI रॉबर्ट्सगंज मुख्य शाखा के कर्मचारियों को एक सेवानिवृत्त खाताधारक के खाते में अचानक बड़े लेनदेन पर शक हुआ. बैंक के मुताबिक पिछले करीब एक महीने में खाते से भारी रकम ट्रांसफर की जा रही थी. पूछताछ में पीड़ित कभी इलाज तो कभी पारिवारिक जरूरतों का हवाला दे रहा था. लगातार फोन कॉल पर अकेले में बात करने और घबराए हुए व्यवहार से बैंक कर्मचारियों को संदेह हुआ.
इसके बाद बैंक शाखा प्रबंधक ने साइबर क्राइम पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम करीब दस मिनट में बैंक पहुंची और खाते से जुड़े लेनदेन की जानकारी जुटाकर पूछताछ शुरू की. जांच में सामने आया कि पीड़ित साइबर ठगों के दबाव में था और उसे हाईकोर्ट तथा शासन के अधिकारियों का भय दिखाकर डिजिटल अरेस्ट किया गया था.
2.36 करोड़ ट्रांसफर, 75 लाख रुपये फ्रीज
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पीड़ित से करीब 2 करोड़ 36 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए थे. रकम हासिल करने के बाद भी आरोपी लगातार और पैसे की मांग कर रहे थे. पुलिस ने संबंधित बैंकों से संपर्क कर खातों पर रोक लगाने की कार्रवाई शुरू की और करीब 75 लाख रुपये होल्ड/फ्रीज कराने में सफलता हासिल की.
तकनीकी जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंची. पुलिस ने अरुण कुमार दूबे को प्रयागराज स्थित ओमेक्स अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया. पुलिस का कहना है कि आरोपी AI तकनीक का दुरुपयोग कर डीपफेक तस्वीरें और फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे और इनके जरिए लोगों को डराकर ब्लैकमेल करते थे.
कार, कैश और फर्जी हाईकोर्ट आईडी बरामद
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी की निशानदेही पर ठगी की रकम से खरीदी गई टाटा हैरियर कार, 2 लाख 10 हजार रुपये नकद, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन और इलाहाबाद हाईकोर्ट अधिवक्ता का फर्जी आईडी कार्ड बरामद किया गया है. मामले में आरोपी की मदद करने के आरोप में प्रियंका मिश्रा और तेजल को भी गिरफ्तार किया गया है.
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के मुताबिक पूरे मामले में साइबर नेटवर्क, बैंक खातों और रकम के लेनदेन की कड़ियां खंगाली जा रही हैं. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और ठगी की रकम किन-किन खातों तक पहुंची. फिलहाल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने 75 लाख रुपये की रकम होल्ड/फ्रीज कराई है. मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.

जीतेन्द्र गुप्ता, सोनभद्र