मेरठ2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

प्रतीकात्मक तस्वीर
भारतीय सेना में शामिल होकर देशसेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मेरठ सेना भर्ती कार्यालय ने अग्निवीर भर्ती की संयुक्त लिखित परीक्षा (CEE) पास करने वाले अभ्यर्थियों के लिए फिजिकल टेस्ट का शेड्यूल जारी कर दिया है।
सेना भर्ती कार्यालय हाथीखाना, मेरठ की ओर से जारी टाइमटेबल में फिजिकल टेस्ट की तारीख, स्थान और जिलेवार कार्यक्रम की जानकारी दी गई है। अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन या हाथीखाना स्थित कार्यालय पहुंचकर अपना रिजल्ट और शेड्यूल देख सकते हैं।
संयुक्त लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही फिजिकल टेस्ट में शामिल हो सकेंगे। सेना भर्ती कार्यालय ने बुधवार शाम को परीक्षा परिणाम और फिजिकल टेस्ट का कार्यक्रम जारी कर दिया।
मेरठ के सेना भर्ती कार्यालय में आएं
आर्मी रिक्रूटिंग कार्यालय मेरठ ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने मूल दस्तावेजों के साथ तय भर्ती रैली स्थल पर पहुंचकर शारीरिक दक्षता परीक्षा में हिस्सा ले सकते हैं। सेना अग्निवीर भर्ती की संयुक्त लिखित परीक्षा (CEE) उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा अलग-अलग स्थानों पर होगी। परीक्षा के परिणाम 13 जुलाई-2026 को घोषित किए गए थे।
इन जिलों में होगा फिजिकल टेस्ट
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर, मुरादाबाद, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ और हापुड़ समेत 13 जनपदों के अग्निवीर जीडी, अग्निवीर टेक्निकल, ट्रेडमैन 10वीं और ट्रेडमैन आठवीं अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 17 अगस्त से 10 सितंबर तक सहारनपुर में जबकि धर्म शिक्षक, शिक्षा हवलदार, नर्सिंग असिस्टेंट व सिपाही फार्मा की भर्ती परीक्षा उत्तराखंड के रानीखेत में 27 से 29 जुलाई तक होगी।
किसकी भर्ती किस स्थान पर
- धर्म शिक्षक, शिक्षा हवलदार, नर्सिंग असिस्टेंट और सिपाही फार्मा की भर्ती 27 से 29 जुलाई-2026 तक उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में स्थित रानीखेत मिलिट्री स्टेशन पर होगी
- अग्निवीर जीडी, टेक्निकल, ट्रेडमैन 10वीं और ट्रेडमैन आठवीं की भर्ती रैली 17 अगस्त से 10 सितंबर तक सहारनपुर में आयोजित होगी।
- अग्निवीर क्लर्क (एसकेटी) के लिए भर्ती अक्टूबर-2026 में बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर (बीईजी एंड सेंटर) रुड़की में की जाएगी।
- अग्निवीर वुमेन मिलिट्री पुलिस (एवी-डब्ल्यूएमपी) के लिए भर्ती रैली जनवरी-2027 में लखनऊ में आयोजित की जाएगी।
अपने ईमेल को लगातार चैक करें
आर्मी रिक्रूटिंग कार्यालय ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अपना परिणाम भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर देखें। अपने पंजीकृत ईमेल अकाउंट को भी नियमित रूप से चेक करते रहें।
.