world-news

UGC NET नियमों में बड़ा बदलाव, एग्जाम सिटी से लेकर ड्रेस कोड तक NTA ने बदले कौन से 5 नियम? अभी करें चेक

October 18, 2026

Time Published: Sunday, October 18, 2026, 10:42 [IST]

UGC NET दिसंबर 2026 की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए ने परीक्षा से जुड़े कई जरूरी नियमों में बदलाव कर दिया है। ऐसे में जो उम्मीदवार पुराने नियमों के अनुसार तैयारी कर रहे हैं, उन्हें नए निर्देश जरूर पढ़ने चाहिए।

इस बार परीक्षा की तारीखों से लेकर परीक्षा केंद्र चुनने, सवालों के जवाब देने और सेंटर में प्रवेश करने तक की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यहां तक कि परीक्षा में किस तरह के जूते पहनकर जा सकते हैं, इसे लेकर भी नए निर्देश जारी हुए हैं। खास बात यह है कि ये बदलाव आवेदन प्रक्रिया के बीच किए गए हैं। ऐसे में उम्मीदवारों को फॉर्म भरने से लेकर परीक्षा देने तक कई बातों का ध्यान रखना होगा।

UGC NET December 2026

NTA ने जारी किया नया बुलेटिन

एनटीए ने 16 अक्टूबर को यूजीसी नेट दिसंबर 2026 का नया इन्फॉर्मेशन बुलेटिन जारी किया है। इसमें परीक्षा की तारीखों, शहरों के चयन, परीक्षा केंद्र में प्रवेश, उत्तरों की जांच, ड्रेस कोड और प्रतिबंधित सामान से जुड़े नियमों को अपडेट किया गया है। उम्मीदवारों को पुराने बुलेटिन के बजाय नए निर्देशों के अनुसार तैयारी करने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें: जर्मनी में रहकर भारत से करोड़ों की कमाई? हर महीने 60 लाख की इनकम? कितनी है ध्रुव राठी की नेटवर्थ?

कब होगी UGC NET परीक्षा?

नए शेड्यूल के अनुसार, यूजीसी नेट दिसंबर 2026 की परीक्षा 14, 15, 16, 17, 18 और 21 दिसंबर को आयोजित होगी। परीक्षा कंप्यूटर आधारित यानी सीबीटी मोड में ली जाएगी। यह परीक्षा जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ), असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी में प्रवेश की पात्रता तय करने के लिए होती है। आवेदन प्रक्रिया 8 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। बिना लेट फीस के आवेदन करने की आखिरी तारीख 28 अक्टूबर 2026, रात 11 बजकर 50 मिनट है। इसके बाद लेट फीस के साथ आवेदन करने की सुविधा भी दी गई है।

परीक्षा शहर चुनने का नियम बदला

पहले उम्मीदवारों को अपने स्थायी या वर्तमान पते वाले राज्य या केंद्र शासित प्रदेश से चार परीक्षा शहर चुनने होते थे। अब अगर किसी राज्य में चार से कम शहर उपलब्ध हैं, तो उम्मीदवार स्क्रीन पर दिखाई देने वाले दूसरे उपलब्ध विकल्पों में से शहर चुन सकेंगे।

इसके अलावा करेक्शन विंडो के दौरान परीक्षा शहर की पसंद में बदलाव करने की अनुमति भी मिलेगी। इससे कम परीक्षा केंद्रों वाले राज्यों के उम्मीदवारों को राहत होगी।

मार्क फॉर रिव्यू वाले सवालों का क्या होगा?

एनटीए ने उत्तरों की जांच से जुड़ा नियम भी साफ किया है। अगर किसी उम्मीदवार ने सवाल का जवाब सेव करके उसे 'मार्क फॉर रिव्यू' किया है, तो उस उत्तर की जांच की जाएगी। सही जवाब होने पर अंक मिलेंगे। जिन सवालों का जवाब नहीं दिया गया है, उनके अंक नहीं मिलेंगे। यूजीसी नेट में निगेटिव मार्किंग नहीं होती है, इसलिए गलत जवाब पर अंक नहीं काटे जाएंगे।

परीक्षा से 30 मिनट पहले बंद होगा गेट

नए निर्देशों के अनुसार, परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले सेंटर का गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद पहुंचने वाले उम्मीदवारों को प्रवेश नहीं मिलेगा। NTA ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है, ताकि पहचान पत्र और अन्य जरूरी जांच समय पर पूरी हो सके।

जूते पहनने के नियम में बदलाव

इस बार उम्मीदवार सामान्य जूते, चप्पल और कम हील वाली सैंडल पहनकर परीक्षा देने जा सकते हैं। हालांकि, लंबे बूट पहनने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्र पर पेन उपलब्ध कराने से जुड़े निर्देश भी बदले गए हैं। उम्मीदवारों को प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची ध्यान से पढ़नी चाहिए, ताकि परीक्षा वाले दिन परेशानी न हो।

कहां देखें नए नियम?

उम्मीदवार यूजीसी नेट की आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in पर जाकर अपडेटेड इन्फॉर्मेशन बुलेटिन देख सकते हैं। आवेदन करने से पहले परीक्षा शहर, करेक्शन विंडो, ड्रेस कोड और प्रवेश से जुड़े निर्देश जरूर जांच लें।

ये भी पढ़ें: 824 JRF और 11,610 असिस्टेंट प्रोफेसर! UGC NET री-एग्जाम का रिजल्ट जारी, ऐसे चेक करें अपना स्कोर कार्ड